करंट की चपेट में आने से 20 वर्षीय युवक की मौत, त्यौहार की खुशियां मातम में बदलीं

कटनी। जिले के बड़वारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम बरछेका में खेत पर काम करने गए 20 वर्षीय युवक सागर साहू की बिजली के करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। इस घटना ने रक्षाबंधन और कजलिया जैसे की खुशियों को मातम में बदल दिया।
जानकारी के मुताबिक, बरछेका गांव निवासी सागर साहू पिता विजय साहू रविवार दोपहर अपने खेत पर खाद डालने के लिए गया था। खेत में लगे बिजली के खंभे से अचानक करंट उतर आया, जिसे सागर ने अनजाने में छू लिया। करंट का झटका इतना तेज था कि वह बुरी तरह झुलस गया।
परिवार वालों को जब इस घटना की जानकारी मिली, तो वे आनन-फानन में उसे एक निजी वाहन से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के पिता विजय साहू ने बताया कि घटना उनके लिए एक बड़ा सदमा है। उन्होंने बताया कि कल ही सागर ने अपनी छोटी बहनों मधु साहू और शिवानी साहू से राखी बंधवाई थी और उनकी रक्षा का संकल्प लिया था। कल तक उनका परिवार खुशी से भरा हुआ था, लेकिन इस एक घटना ने सब कुछ खत्म कर दिया। अस्पताल चौकी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







