मध्य प्रदेशराज्य

जिले की समस्त मदिरा दुकानों पर लगेंगे सीसीटीवी कैमरे, नियंत्रण कक्ष से होगी निगरानी

दमोह। जिले में आबकारी व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर की अध्यक्षता में आबकारी विभाग की समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला आबकारी अधिकारी सहित सभी मदिरा दुकान ठेकेदारों ने भाग लिया।

 

कलेक्टर कोचर ने निर्देश दिए कि जिले की सभी मदिरा दुकानों में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से इंस्टॉल कराए जाएं तथा रिकॉर्डिंग को सुरक्षित रखा जाए। इन कैमरों की निगरानी नियंत्रण कक्ष के माध्यम से की जाएगी, जिससे अवैध शराब विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने बताया कि कैमरों का नियंत्रण अनुभाग स्तर और नियंत्रण कक्ष — दोनों से किया जाएगा ताकि डिजिटल निगरानी प्रणाली को सक्रिय रखते हुए अनुशासन कायम रखा जा सके।

 

कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्धारित समयावधि के बाहर शराब की बिक्री ना की जाए, अन्यथा संबंधित दुकानों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि कुछ दुकानों में रात्रि विश्राम करने वाले व्यक्तियों द्वारा अवैध रूप से शराब बिक्री करने की शिकायतें मिली हैं। इसे ध्यान में रखते हुए आदेश दिया गया है कि निर्धारित समय पश्चात सभी मदिरा दुकानें पूर्णतः बंद रहें, दुकान के अंदर कोई भी व्यक्ति न रुके और न ही सोए।

 

उन्होंने कहा कि रात्रि में किसी प्रकार की गतिविधि पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी। ये निर्देश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे तथा उल्लंघन की स्थिति में सख़्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button