अंधविश्वास बना लोगों की जान का दुश्मन,झाड़-फूंक करते हुए युवती को छड़ी से बेरहमी से पीट रहा कथित तांत्रिक : वायरल वीडियो ने मचाया हड़कंप

दमोह। अंधविश्वास के चक्कर में लोगों की जान खतरे में पड़ रही है। ऐसा ही एक मामला दमोह जिले के हटा थाना अंतर्गत कांटी गांव से सामने आया है, जहां झाड़-फूंक के नाम पर एक युवती के साथ हैरान कर देने वाला अमानवीय व्यवहार किया गया।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवक कथित रूप से झाड़-फूंक करते हुए युवती को छड़ी से बेरहमी से पीट रहा है। मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद हैं, लेकिन कोई भी उसे रोकने की हिम्मत नहीं कर रहा। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा हैl
इस घटना के संबंध में दमोह एडिशनल एसपी सुजीत सिंह ने कहा कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि किसी भी तरह के अंधविश्वास या झाड़-फूंक जैसी गतिविधियों में शामिल न हों। यदि किसी व्यक्ति को स्वास्थ्य संबंधी समस्या है, तो उसे तत्काल योग्य डॉक्टर से इलाज कराना चाहिएl
यह घटना न केवल सामाजिक जागरूकता की कमी को दर्शाती है बल्कि यह भी साबित करती है कि आज भी कुछ लोग अंधविश्वास की गिरफ्त में आकर अमानवीयता पर उतर आते हैं। समय आ गया है जब समाज को ऐसे कुप्रथाओं के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठानी चाहिए।







