लखनऊ के बाद उत्तराखंड में आग का कहर, सपा नेता के शोरूम में भीषण अग्निकांड

लखनऊ के बाद उत्तराखंड में आग का कहर, सपा नेता के शोरूम में भीषण अग्निकांड
उत्तराखंड यश भारत। हल्द्वानी में मंगलवार देर रात एक बड़े अग्निकांड की घटना सामने आई। मीरा मार्ग स्थित समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रभारी हाजी अब्दुल मतीन सिद्दीकी के जूते के शोरूम में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया, जिसके चलते आसपास की दुकानों को एहतियातन खाली कराया गया। बाजार क्षेत्र में बड़ी संख्या में व्यापारी और स्थानीय लोग जमा हो गए।
सूचना मिलने पर दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक शोरूम में रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो चुका था। शुरुआती अनुमान के मुताबिक लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
अग्निशमन अधिकारी मिंदर पाल ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी या किसी अन्य वजह से। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।







