जबलपुर में सनसनीखेज वारदात: 70 वर्षीय वृद्धा की हाथ-पैर बांधकर हत्या, परिजनों को रंजिश का शक

जबलपुरजबल पुर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत चेरीताल के जयप्रकाश नारायण वार्ड में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां एक 70 वर्षीय वृद्धा हीरा बाई चौधरी की बेरहमी से हाथ-पैर बांधकर हत्या कर दी गई। परिजनों ने इस वारदात के पीछे रंजिश का आरोप लगाया है और पास में रहने वाले एक व्यक्ति पर ही हत्या का शक जताया है।
सुबह सामने आई वारदात, दो लड़कियां भी बंधी मिलीं
घटना का खुलासा सोमवार सुबह तब हुआ, जब मृतका के परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि हीरा बाई चौधरी मृत पड़ी थीं और उनके हाथ-पैर बंधे हुए थे। चौंकाने वाली बात यह थी कि वृद्धा के साथ रहने वाली दो अन्य लड़कियों के भी हाथ-पैर बंधे हुए थे, हालांकि उनकी स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों का आरोप: रंजिश में दिया गया वारदात को अंजाम
परिजनों ने पुलिस को बताया कि उन्हें शक है कि इस हत्या को रंजिश के चलते अंजाम दिया गया है। उन्होंने आशंका जताई है कि पड़ोस में रहने वाले किसी व्यक्ति का इसमें हाथ हो सकता है। पुलिस अब परिजनों के आरोपों के आधार पर और घटनास्थल से मिले सुरागों के माध्यम से मामले की गहराई से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।







