पुराने विवाद में युवक की छुरी से हमला कर हत्या -छह दिन पहले हुआ था विवाद, मर्ग कायम कर आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज

पुराने विवाद में युवक की छुरी से हमला कर हत्या
-छह दिन पहले हुआ था विवाद, मर्ग कायम कर आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज
भोपाल, यशभारत।
कोलार इलाके में बीती रात पुरानी रंजिश के चलते तीन लोगों ने मिलकर एक युवक पर छुरी से हमला कर दिया। पेट में छुरी लगने से घायल युवक को उसका भाई एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचा। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम ने देर रात तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
थाना पुलिस के मुताबिक गौरव नगर कोलार निवासी शुभम यादव पुत्र मोर सिंह(23) प्राइवेट ड्राइवर था। बीती 22 जुलाई को उसके दोस्त अर्जुन कटसी का जन्मदिन था। इसी दौरान उसका भूपेंद्र मालवीय, उसके भाई गोलू और आकाश जिन्नारे से विवाद हुआ और दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। लेकिन दोनों की पक्षों ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई थी।
रंजिश का बदला लेने पेट में छुरी घोंपी:-
पुलिस ने बताया कि बीती रात बंजारी स्थित एक चाय की दुकान पर भूपेंद्र मालवीय, उसके भाई गोलू और आकाश जिन्नारे से शुभम यादव का आमना-सामना हो गया। इस दौरान तीनों आरोपियों ने मिलकर शुभम के साथ मारपीट करते हुए उसके पेट में छुरी से लगातार वार करना शुरू कर दिए। जिससे उसके पेट और पीठ में गंभीर चोट आई थी। शुभम पर हमला करने के बाद तीनों आरोपी वहां से फरार हो गए।
भाई ने पहुंचाया अस्पताल, तब तक हो चुकी थी मौत-
शुभम पर हमले की खबर लगते ही उसका भाई नरेन्द्र यादव घटना स्थल पर पहुंचा और खून से लतपथ अपने भाई शुभम को तुरंत एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचा। तब तक देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने चेक करने के बाद शुभम को मृत घोषित कर दिया। हत्या की सूचना मिलनते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मृतक शुभम के भाई नरेन्द्र यादव की शिकायत पर आरोपी भूपेंद्र मालवीय, उसके भाई गोलू और आकाश जिन्नारे के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया।
देर रात पुलिस ने तीनों आरोपियों को दबोचा:-
हत्या की वारदात के बाद पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया की मर्चुरी में रखवा दिया। जहां पर आज पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। वहीं पुलिस ने हत्या की वारदात में शामिल तीनों आरोपियों को देर रात अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर हिरासत में ले लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।






