टहलते वक्त छत से गिरकर महिला की मौत -मर्ग कामय कर जांच में जुटी पुलिस

टहलते वक्त छत से गिरकर महिला की मौत
-मर्ग कामय कर जांच में जुटी पुलिस
यशभारत।
ऐशबाग इलाके में एक महिला की टहलते वक्त छत से गिरने के बाद मौत हो गई। हालांकि आशंका जातई जा रही है कि महिला ने छत से कूदकर खुदकुशी की है। पुलिस ने मर्ग कायम करने के बाद जांच शुरू कर दी है।
थाना पुलिस ने बताया कि गुरुनानकपुरा निवासी अंजलि मेहरा पति कपिल मेहरा(44) गृहिणी थीं। उनके पति कपिल एडवोकेट हैं। अंजलि रोजाना सुबह 6 बजे अपने घर की छत पर ही टहला करती थीं। बुधवार की सुबह भी वे टहलने के लिए छत पर गईं थीं। एक घंटे बाद करीब सात बजे जब परिवार के अन्य लोग सोकर जागे तो उन्हें अंजलि घर के भीतर नहीं दिखी। वे लोग छत पर देखने के लिए गए तो अंजलि वहां पर भी नहीं थीं। इसके बाद परिजनों ने तलाश की तो अंजलि नीचे सडक़ पर बेसुध हालत में पड़ी दिखाई दीं। परिजन उन्हें तुरंत ही अस्पताल लेकर गए, जहां पर डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तथा पंचनामा बनाकर कार्रवाई शुरू की। शुरूआती जांच में पता चला है कि पिछले दिनों अंजलि को बॉन टीवी नाम की बीमारी होने का पता चला था। इसके बाद से ही अंजलि डिप्रेशन में थीं। माना जा रहा है कि इसी बीमारी से परेशान होकर उन्होंने खुदकुशी की है। हालांकि पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान होने के बाद ही पता चल सकेगा किस महिला ने खुदकुशी की है या फिर वह हादसे का शिकार हुई हैं।







