बुलेरो से स्कूटी को टक्कर मारकर डिलीवरी बॉय को लूटा- डिलीवरी बॉय के पैर, हाथ और कमर में चोट

बुलेरो से स्कूटी को टक्कर मारकर डिलीवरी बॉय को लूटा
-डिलीवरी बॉय के पैर, हाथ और कमर में चोट
भोपाल यशभारत।
मिसरोद इलाके में स्कूटी से मंडीदीप से लौट रहे एक कंपनी के डिलीवरी बॉय को बुलेरो गाड़ी ने टक्कर मार कर गिरा दिया। इसके बाद बुलेरो सवार बदमाशों ने उसकी स्कूटी और बैग की तलाशी लेने के बाद मारपीट कर पेंट की जेब में रखे नगदी लूट लिए। बुलेरो की टक्कर लगने से डिलीवरी बॉय के पैर, हाथ और कमर में चोट आई है। पुलिस ने देर शाम अज्ञात बुलेरो सवार बदमाशों के खिलाफ लूटपाट का मामला दर्ज किया है। हालांकि इस वारदात के बाद यह बात सामने आई थी कि शराब कंपनी के कर्मचारियों ने तस्करी के शक में डिलीवरी बॉय का पीछा कर रहे थे। फिलहाल पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है।
थाना पुलिस के मुताबिक अहीरपुरा जहांगीराबाद निवासी रितिक कुशवाहा पुत्र वीरेन्द्र कुशवाहा(19) एमपी नगर जोन-वन स्थित एक कंपनी में डिलीवरी बॉय का काम करता है। रितिक ने बताया कि कल वह कंपनी के काम से अपनी स्कूटी से मंडीदीप गया था। जहां पर मेडिकल पर ऑडर देने के साथ पैसों का कलेक्शन कर वापस भोपाल लौट रहा था। दोपहर करीब डेढ़ बजे जब वह 11 मील ओवर ब्रिज के पास पहुंचा। तभी पीछे से आई बुलेरो गाड़ी ने उसकी स्कूटी में टक्कर मार दी। जिससे रितिक स्कूटी समेत सडक़ पर गिर गया। इसके बाद बुलेरो में सवार पांच अज्ञात युवकों में से तीन नीचे उतरे और उसके साथ मारपीट करते हुए स्कूटी की डिग्गी, बैग की तलाशी ली। इसके बाद आरोपियों ने उसकी जेब में रखे कलेक्शन के नगदी 3800 रूपए छीन लिए। इसके बाद आरोपी बुलेरो में सवार होकर फरार हो गए। इस वारदात में रितिक के पैर की अंगुलियां कट गई, वहीं उसके हाथ और कमर में चोट आई है। वारदात के बाद फरियादी ने थाने पहुंच कर सूचना दी। देर शाम फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात बुलेरो सवार बमदाशों के खिलाफ मारपीट, लूट समेत अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
तस्करी के शक में वारदात-
वारदात के बाद पुलिस को मामले की जांच के दौरान पता चला है कि बुलेरो में एक शराब कंपनी के कर्मचारी सवार थे। जिन्होंने डिलीवरी बॉय रितिक का शराब की तस्करी के शक में मंडीदीप से पीछा किया था। शराब कंपनी के कर्मचारियों को शक था कि रितिक मंडीदीप से शराब की तस्करी कर भोपाल में बेचने जा रहा है। इसी कारण आरोपियों ने चली स्कूटी में बुलेरो से टक्कर मारी और वारदात को अंजाम दिया। थाना प्रभारी संदीप पवार ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।







