श्रावण माह के अवसर पर नरेला में निकली बाबा महाकाल की शाही सवारी

श्रावण माह के अवसर पर नरेला में निकली बाबा महाकाल की शाही सवारी
मंत्री विश्वास सारंग ने की बाबा महाकाल की शाही सवारी में सहभागिता
यशभारत भोपाल।
श्रावण माह के पावन अवसर पर सोमवार को भोपाल के नरेला विधानसभा अंतर्गत मंशापूर्ण हनुमान मंदिर, शंकराचार्य नगर से बाबा महाकाल की शाही सवारी निकाली गई। शाही सवारी में सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने सहभागिता कर बाबा महाकाल से सर्वमंगल की कामना की।
यह शाही सवारी पूरे क्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति और विश्वास का केंद्र बनी रही। हजारों की संख्या में शिवभक्त इस शाही सवारी में शामिल हुए और हर-हर महादेव के उद्घोष से वातावरण को शिवमय कर दिया। इस दौरान मंत्री सारंग का स्वागत विभिन्न मंचों और स्थानों पर पुष्प वर्षा, माल्यार्पण तथा जयकारों के साथ किया गया।
इस अवसर पर मंत्री सारंग ने कहा कि भगवान महाकाल की कृपा सब पर बनी रहे। सबका कल्याण हो, सबकी मनोकामनाएं पूर्ण हों। यही हम महादेव के श्रीचरणों में प्रार्थना करते हैं। श्रावण माह शिव आराधना का विशेष समय है और इस अवसर पर महाकाल की शाही सवारी का सहभागी बनना सौभाग्य की बात है। आगे मंत्री सारंग ने कहा कि नरेला विधानसभा के शंकराचार्य नगर क्षेत्र से निकली इस शाही सवारी ने जनमानस को भक्ति, एकता और अध्यात्म के सूत्र में पिरो दिया। शाही सवारी में धार्मिक झांकियाँ रहीं आकर्षण का केंद्र सवारी में अनेक सांस्कृतिक व धार्मिक झांकियाँ विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। बाल स्वरूप में भगवान शिव की झांकी, माँ काली के दिव्य स्वरूप, ढोल-ताशों की गूंज, पुष्प वर्षा एवं भजन मंडलियों की प्रस्तुति ने शाही सवारी को अद्भुत दिव्यता प्रदान की।







