भारतीय टीम ने तोड़ा बर्मिंघम का तिलिस्म, टेस्ट में रनों के लिहाज से हासिल की अपनी चौथी बड़ी जीत

भारतीय टीम ने बल्लेबाजों के बाद आकाश दीप की अगुआई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर इंग्लैंड को दूसरे टेस्ट मैच में 336 रनों से हराया। भारत ने इस तरह पांच मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर कर ली है। भारत के लिए यह बर्मिंघम में ऐतिहासिक जीत है क्योंकि इससे पहले टीम ने यहां पर कभी कोई टेस्ट मैच नहीं जीता था। शुभमन गिल की अगुआई वाली भारतीय टीम ने बर्मिंघम का तिलिस्म तोड़ा और एजबेस्टन में तिरंगा लहरा दिया।
608 रनों का मिला था लक्ष्य
भारत ने पहली पारी में 587 रन बनाए थे और इंग्लैंड को 407 रन पर आउट कर 180 रनों की बड़ी बढ़त हासिल कर ली थी। भारत ने शुभमन गिल के शतक की मदद से दूसरी पारी छह विकेट पर 427 रन बनाकर घोषित की थी और कुल 607 रनों की बढ़त हासिल कर इंग्लैंड के सामने 608 रनों का लक्ष्य रखा था। इंग्लैंड की दूसरी पारी पांचवें दिन 271 रन पर ऑलआउट हुई और भारत ने जीत हासिल की।







