कामवाली बाइयों से भी रहो सावधान, 12 साल से काम करने वाली महिला ने पिलाया जहर

जबलपुर यश भारत। गोहलपुर थाना अंतर्गत शांति नगर क्षेत्र में रहने वाली एक बुजुर्ग दंपत्ति को उन्हीं के घर में 12 साल से काम करने वाली एक महिला कर्मी ने चाय में जहर मिला दिया. चाय पीने के बाद जब वह अर्धबेहोशी की हालत मे पहुंच गये तो नौकरानी कड़ा और मंगलसूत्र लेकर चंपत हो गई। अर्धबेहोशी की हालत में गुप्ता दंपति ने अपने रिश्तेदारों को फोन किया इसके बाद रिश्तेदार पहुंचे और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया है जिनकी इलाज के बाद हालत बममुश्किल सुधर पाई।हालत सुधरने पर मालिक ने महिला नौकरानी के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज कराया। इस संबंध में वर्तमान में गोहलपुर के थाना प्रभारी किशोर बागरी से मिली जानकारी के अनुसार शांति नगर में जवाहरलाल गुप्ता अपनी पत्नी उषा गुप्ता के साथ रहते हैं उनकी उम्र 67 वर्ष बताई गई है। उनके यहां संगीता सोनी नामक महिला पिछले 12 साल से घरेलू काम करती थी लेकिन उसकी नियत बदल गई और इसी के चलते दो दिन पहले उसने गुप्ता दंपति को चाय में जहर मिलाकर दे दिया। यह तो गुप्ता दँपत्ति की किस्मत अच्छी थी कि उन्हें समय पर उपचार मिल गया अन्यथा बड़ी घटना घटित हो सकती थी। गुप्ता दंपति की शिकायत पर पुलिस ने जहरखुरानी का मामला दर्ज कर आरोपी संगीता सोनी को गिरफ्तार करने पुलिस टीम को रवाना कर दिया है, ओर उसकी तलाश की जा रही है । सामने आई इस घटना ने उन लोगों को सोचने पर विवश कर दिया है जो अपने घर के काम करने वालों पर जरूर से ज्यादा विश्वास करते हैं न जाने कब किसकी नियत में खोट आ जाए ऐसे में सतर्कता की भी जरूरत है।







