
जम्मू: केंद्र शासित प्रदेश जम्मू के कई इलाकों में शुक्रवार शाम और रात को धमाकों की तेज़ आवाज़ें सुनी गईं, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। ये धमाके भारत-पाकिस्तान सीमा पर जारी तनाव और पाकिस्तानी सेना की ओर से हो रही गोलाबारी के बीच हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, पुंछ में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास देर शाम जोरदार धमाकों की आवाजें सुनाई दीं। वहीं, सांबा जिले में भी ब्लैकआउट के दौरान एक पाकिस्तानी ड्रोन को भारतीय वायु सेना द्वारा मार गिराए जाने के बाद विस्फोट की आवाज सुनी गई।
रक्षा मंत्रालय ने पहले ही जानकारी दी थी कि जम्मू, पठानकोट और उधमपुर स्थित सैन्य ठिकानों को पाकिस्तानी मूल के ड्रोन और मिसाइलों से निशाना बनाने का प्रयास किया गया था, हालांकि इन हमलों को भारतीय सेना ने नाकाम कर दिया था। जम्मू के विभिन्न हिस्सों में सुने गए ये धमाके इन्हीं नाकाम की गई कोशिशों या सीमा पार से हुई गोलाबारी से जुड़े हो सकते हैं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जम्मू क्षेत्र में सुरक्षा बल पूरी तरह से हाई अलर्ट पर हैं। सीमावर्ती इलाकों में कड़ी निगरानी रखी जा रही है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल प्रतिक्रिया दी जा रही है। स्थानीय प्रशासन ने भी नागरिकों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की अपील की है।
फिलहाल, इन धमाकों के सटीक कारणों और स्थानों के बारे में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।







