9वीं में फेल हुई छात्रा ने की खुदकुशी : मिट्टी का तेल डालकर लगा ली आग, क्षेत्र में हड़कंप, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

जबलपुर, यशभारत। माढ़ोताल थाना क्षेत्र के ग्राम सूखा में 9वीं में फेल हुए 14 वर्षीय छात्रा ने तनाव में आकर खुदकुशी कर ली। छात्रा स्कूल में रिजल्ट देखकर लौटी और किचिन में रखा हुआ मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली। परिजनों ने जब छात्रा को जलते हुए देखा तो तत्काल उसे अस्पताल में भर्ती किया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। पुलिस ने मर्ग कायम कर, मामला जांच में लिया है।
पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 14 वर्षीय नाबालिग छात्रा सूखा के रैंगवा में कक्षा नवमीं की छात्रा थी। रिजल्ट घोषित होने के बाद छात्रा परीक्षा में फेल हो गयी। जिसके बाद वह तनाव में थी और घर आकर किचिन में रखा हुआ मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली। जिस समय यह घटना हुई परिजन दूसरे कमरे में थे। वहीं, घटना के बाद पिता हरीराम अहिरवार ने पुलिस को बताया कि उन्हें अभी तक भरोसा भी नहीं हो रहा है कि उनकी बिटिया अब इस दुनिया में नहीं है। वहीं घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति है।







