जबलपुरमध्य प्रदेश

आवारा सांड के हमले में 72 वर्षीय वृद्ध गंभीर घायल, निगम की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल

जबलपुर। महात्मा गांधी वार्ड स्थित राठी कॉलोनी में आवारा पशुओं के आतंक का एक और मामला सामने आया है। कॉलोनी निवासी 72 वर्षीय संतोष कुमार यादव पर एक आवारा सांड ने हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद उन्हें तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सांड ने वृद्ध को जोरदार टक्कर मारकर कई फीट ऊपर उछाल दिया, जिससे वे सड़क पर गिर पड़े। हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोट आई तथा कंधा भी घायल हो गया। चिकित्सकों ने उनकी स्थिति को गंभीर बताते हुए आईसीसीयू में भर्ती कर उपचार शुरू किया है।

घटना के बाद क्षेत्रवासियों में नगर निगम के प्रति भारी नाराजगी देखी जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि आवारा पशुओं की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन नगर निगम और हांका गैंग द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही। उनका कहना है कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में गाय, भैंस और अन्य पशु खुलेआम सड़कों पर घूमते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं और हमले की घटनाएं हो रही हैं।

नागरिकों ने आरोप लगाया कि न्यायालय के निर्देशों के बावजूद शहर के बीचोंबीच कई डेयरियां संचालित हो रही हैं और आवारा पशुओं को नियंत्रित करने की व्यवस्था केवल कागजों तक सीमित है। लोगों का कहना है कि हांका गैंग की सक्रियता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं, क्योंकि समस्या के स्थायी समाधान के बजाय केवल औपचारिक कार्रवाई की जा रही है।

घटना के बाद राठी कॉलोनी और आसपास के क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। रहवासियों ने नगर निगम प्रशासन से आवारा पशुओं को तत्काल पकड़ने, अवैध डेयरियों पर कार्रवाई करने तथा क्षेत्र में सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में और भी गंभीर हादसे हो सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button