
19 प्रत्याशी हैं चुनावी मैदान में
जबलपुर,यशभारत। अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था के बीच जबलपुर संसदीय क्षेत्र के लिए मतदान का क्रम शुक्रवार सुबह 7 बजे से शुरू हुआ। जो दोपहर तक चरम पर पहुंच गया। जिले के 2139 मतदान केंद्रों में अपने-अपने मत का उपयोग कर मतदाताओं की भीड़ मतदान केंद्रों में गर्मी की वजह से सुबह के समय लग गई। जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर 1 बजे तक 39.63 प्रतिशत मतदान रिकॉर्ड किया गया। शुक्रवार सुबह आर्य कन्या शाला और लाला लाजपत राय वार्ड में ईवीएम में कुछ खराबी आने के बाद मतदान करीब 20 मिनिट देरी से शुरू हुआ बाकी मतदान केंद्रों में सुबह 7 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हो चुकी थी। इस दौरान बुजुर्गों से लेकर महिलाओं, पुरूषों में मतदान को लेकर काफी उत्साह देखा गया। उधर जिला-पुलिस प्रशासन के द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। जानकारी के अनुसार लोकसभा चुनाव में वर्ष 2019 में 69.43 प्रतिशत मतदान रिकॉर्ड किया गया था। विदित हो कि जबलपुर सीट के लिए चुनावी मैदान में 19 प्रत्याशी खड़े हुए हैं लेकिन सीधा मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच में ही देखा जा रहा है। शुक्रवार को जिला निर्वाचन अधिकारी व कलेक्टर ने भी मतदान केंद्र पहुंचकर मतदाताओं की लाइन में लगकर मतदान किया। इसके अलावा भाजपा प्रत्याशी आशीष दुबे, कांग्रेस प्रत्याशी दिनेश यादव सहित अन्य प्रत्याशियों ने भी अपने-अपने मतदान केंद्र पहुंचकर वोट डाला।
लोक निर्माण मंंत्री ने भी किया मतदान
जानकारी के अनुसार लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, सुमित्रा वाल्मीक, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक अजय विश्रोई, लखन घनघोरिया, अशोक रोहाणी, सुशील तिवारी , अंचल सोनकर ने भी अपने-अपने मत का उपयोग किया।
गुरूवार को डीआईजी टीके विद्यार्थी ने भी वोट देकर लोकतंत्र के पर्व में शहरवासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर अपने-अपने मताधिकार का प्रयोग करें।
जबलपुर में कलेक्टर ने परिवार के साथ मतदान किया
जबलपुर में कलेक्टर दीपक सक्सेना ने महाकौशल कॉलेज सिविल लाइन स्थित मतदान केंद्र में परिवार के साथ मतदान किया। मतदान करने कलेक्टर अपने परिवारजनों के साथ सुबह 7 बजे महाकौशल कॉलेज पहुंच गये थे । उन्होंने और उनके परिवारजनों ने लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार किया ।
मतदान से पहले किया गया मॉक पोल
शुक्रवार को मतदान से पहले 2139 मतदान केंद्रों में मॉक पोल किया गया। इस दौरान मतदान दलों के पीठासीन अधिकारियों द्वारा अपने-अपने मतदान केंद्रों में वास्तविक मतदान जैसे मॉकपोल किया गया।
दिव्यांग और वृद्धजनों को वाहन सुविधा
जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा दिव्यांग एवं अति वृद्ध मतदाताओं को मतदान दिवस पर घर से मतदान केंद्र तक लाने और वापस घर ले जाने के लिए परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई गई।
नेत्रहीन और शिथिलांग व्यक्तियों को मिली सुविधा
लोकसभा चुनाव में नेत्रहीन अथवा शिथिलांग मतदाताओं को भी अपने मताधिकार का प्रयोग कर ने की सुविधा प्रदान की गई। मतदान करने के लिए उन्हें अपने सहायक के तौर पर एक वयस्क व्यक्ति को मतदान कक्ष के भीतर ले जाने की अनुमति दी जा रही है जो उसकी इच्छा के अनुरूप ही उसकी ओर से मत रिकार्ड करेगा।
सभी मतदान केंद्रों पर मतदान
जारी : उप जिला निर्वाचन अधिकारी
लोकसभा चुनाव के लिये जबलपुर संसदीय क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों पर मतदान सुचारू रूप से जारी है । उप जिला निर्वाचन अधिकारी जबलपुर एवं सयुंक्त कलेक्टर धीरेंद्र सिंह ने यह जानकारी देते हुये लल्लूराम डॉट कॉम पर जारी उस समाचार को भ्रामक और मनगढ़ंत बताया है जिसमें जबलपुर में 219 मतदान केंद्रों पर ईव्हीएम चालू नहीं होना बताया गया है । उप जिला अधिकारी ने इस समाचार को भ्रामक होने के साथ-साथ मनगढ़ंत और झूठा भी बताया है।
मतदान केंद्र की फोटो वायरल करने वाले पीठासीन अधिकारी निलंबित
मतदान केन्द्र क्रमांक 173, विधानसभा 101-पनागर के पीठासीन अधिकारी रतन कुमार डागौर चार्ज मेन व्हीकल कैरिज फ़ैक्टरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन की कार्रवाई जिला निर्वाचन अधिकारी व कलेक्टर दीपक सक्सेना ने की है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि रतन कुमार द्वारा मतदान केन्द्र के भीतर के फोटो खिंचवाकर अपने मोबाइल फ़ोन नम्बर से वाट्सअप गु्रप महर्षि वाल्मीकि एकता क्लब में पोस्ट किये गये हैं। शिकायत प्राप्त होने पर जाँच कराई गई। जिसके बाद सेक्टर अधिकारी हेमंत अमहिया द्वारा मोबाइल फ़ोन ज़ब्त कर शिकायत सही होने की पुष्टि की गई। जानकारी के अनुसार नियम का उल्लंघन करने के लिये पीठासीन अधिकारी को निलंबित कर मतदान अधिकारी क्रमांक -1 को पीठासीन अधिकारी का दायित्व सौंपा गया है।
शुरुआत में ही बीएलओ -प्रशासनिक अधिकारी हो गये बूथ से गायब
पूर्व विधानसभा 260 बूथ और कई बूथों से बी एल ओ की सुस्त वर्किंग होने की सूचना है। ऐसे में वोटिंग में अड़चन आ रही है। कई बूथों पर तो इनके प्रारंभ में गायब होने से समय से मतदान शुरू नहीं हो सका। ऐसे में जनता में भी अफरातफरी मची रही। वहीं वोट देने पहुंच मतदाताओं को इंतजार करना पड़ा। सूत्रों के अनुसार यहां के पोलिंग अधिकारी करीब आधे घंटे तक गायब रहे जिसके चलते यहां मतदान रुक रुक कर हो रहा। इससे अव्यवस्था फैल गई। सूचना पर एम आई सी सदस्य ने पहुंच कर अधिकारियों से बात की,तब जाकर सही तरीके से मतदान प्रारंभ हुआ।
मतदान केद्रों में न तो थी पानी की व्यवस्था और न थी पंखे-कूलर की व्यवस्था
गुरूनानक महिला कॉलेज में बंद पड़े मिले कूलर
मतदान शुरू होने के पहले जिला प्रशासन सहित तमाम अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर समुचित व्यवस्था होने का दावा किया था परंतु शुक्रवार सुबह जब मतदान शुरू हुआ तो सारे दावे उसे वक्त फैल हो गए जब विकलांग से लेकर बुजुर्ग अपने परेशानियों से कराहते नजर आए । महिला महाविद्यालय गुरु नानक में पहुंचे 60 वर्षीय दिव्यांग बुजुर्ग ने यशभारत से अपनी पीड़ा बताते हुए जिला प्रशासन की पोल खोली तो वहीं देवताल मतदान केंद्र पर पहुंची 70 वर्षीय बुजुर्ग वृद्धा का कहना था कि गर्मी के कारण वे बहुत परेशान हुईं हैं मतदान केंद्र पर न तो पानी की व्यवस्था की गई है और न ही पंखे-कूलर की।
सड़क नहीं बनी तो किया चुनाव का बहिष्कार
पनागर विधानसभा के ग्राम धरहर के करीब एक हजार मतदाताओं ने लोकसभा चुनाव का शुक्रवार को बहिष्कार किया है। खबर है कि क्षेत्र में सड़क न होने से मतदाताओं में प्रत्याशियों के खिलाफ खासा आक्रोश है।
लोकसभा चुनाव के मतदान में आज रिपोर्टिंग के दौरान यशभारत के संस्थापक आशीष शुक्ला की मुलाकात सुमन पुरोहित सहारा समय, सोनल पांडे बंसल न्यूज, राजेश विश्वकर्मा पिंटू इंडिया न्यूज, विजेन्द्र पांडे आईबीसी 24, सुनील विश्वकर्मा भास्कर डिजिटल भोपाल से हुई।








