व्यापारी ने खरीदा पीडीएस का 30 क्विंटल चावल हुआ जब्त, राशन दुकान सस्पेंड • उपभोक्ताओं को भगाने वाले दुकानदार पर कार्रवाई को लेकर लीपापोती

व्यापारी ने खरीदा पीडीएस का 30 क्विंटल चावल हुआ जब्त, राशन दुकान सस्पेंड
• उपभोक्ताओं को भगाने वाले दुकानदार पर कार्रवाई को लेकर लीपापोती
भोपाल यशभारत। तीन महीने का एकमुश्त राशन बांटने के मामले में फिर बड़ी गड़बड़ी सामने आई है। दुकानदार उपभोक्ताओं से सीधे राशन खरीदकर व्यापारियों को बेच रहे हैं, इधर उपभोक्ता भी इन व्यापारियों के यहां राशन बेचने पहुंचे रहे हैं। बुधवार को जिला आपूर्ति नियंत्रक जब पीपल चौराहा करोंद के पास स्थित महालक्ष्मी ग्रेन मर्चेंट के यहां पहुंचे, तो वहां 30 िटल फोर्टिफाइड पीडीएस का राशन मिला। टीम ने राशन जब्त कर लिया है। इधर शनिवार को कैंची छोला स्थित दुकान नंबर-248 पर राशन के बदले पैसे देने के मामले में दुकान को सस्पेंड कर दिया गया है। अब इस दुकान से जुड़े उपभोक्ताओं को नजदीक स्थित दुकान से राशन लेना पड़ेगा।
इधर राशन दुकानों पर कार्रवाई को लेकर भेदभाव भी सामने आ रहा है। शनिवार को जिस दुकान का वीडियो वायरल होने के बाद उसे सस्पेंड कर दिया गया है। वहीं छह दिन पहले ओल्ड सुभाष नगर स्थित दुकान नंबर-94 राजेंद्र प्राथमिक उपभोक्ता भंडार के यहां 35 क्विंटल चावल अधिक मिला था। इसके साथ दुकानदार जिला आपूर्ति नियंत्रक चंद्रभान सिंह जादौन के सामने ही उपभोक्ताओं को भगा रहा था। जिसको लेकर कनिष्ठ आपूर्ति नियंत्रक अशोक सत्यर्थी ने जब्त चावल को दस्तावेजों में 17 क्विंटल कर दिया है। इसके साथ छह दिन गुजर जाने के बाद भी कंट्रोलर के यहां केस पेश नहीं किया गया है। बिना तौले बोरियों ने लगाया जा रहा अंदाज-बुधवार को जब टीम अलग-अलग पीडीएस दुकानों पर पहुंची, तो कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारियों ने बोरियों की संख्या के हिसाब से चावल की मात्रा अधिक होने की बात कही। जिस पर दुकानदारों ने कहा कि बोरियों का वजन अलग-अलग होता है। ऐसे में ऐवरेज के हिसाब से बोरियों का वजन आंका गया है।
राशन दुकानदारों से व्यापारी खरीद रहे गेहूं-चावल
पीपल चौराहा स्थित महालक्ष्मी ग्रेन मर्चेंट लंबे समय से करोंद क्षेत्र के पीडीएस दुकानदारों से गेहूं और चावल खरीदता है। बीस रुपए किलो में खरीदा जा रहा फोर्टिफाइड चावल को तीस से 35 रुपए किलो के हिसाब से बेचा जाता है। बुधवार को जब कंट्रोलर के सामने कुछ उपभोक्ता राशन बेचने पहुंचे, तो उनकी राशन पर्ची बंद करने की बात कही गई, जिसके बाद वह राशन लेकर घर लौट गए।
हाउसिंग बोर्ड, पलासी की दुकान में भी मिला ज्यादा चावल-
हाउसिंग बोर्ड स्थित दुकान नंबर-82 में जब कंट्रोलर की टीम पहुंची, तो वहां राशन बांटने का काम बंद था, दरअसल सर्वर में एरर आने से लोग इंतजार कर रहे थे। इस दौरान टीम ने यहां चावल की बोरियों की जांच की, जिसमें करीब दो क्विंटल चावल अधिक मिला है। यहां पर उपभोक्ताओं से नहीं पूछा गया कि कितने महीने का राशन दिया जा रहा है। दुकान नंबर-248 के मामले में कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी पुष्पराज पाटिल को जांच सौंपी गई थी। बुधवार को पाटिल ने वीडियो में नजर आ रहे फरहान और मुजम्मिल के बयान दर्ज किए। इन दोनों को बयान के लिए राशन दुकान पर ही बुलाया गया, जहां दोनों ने एक सुर में बताया कि उन्होंने रवि जाटव के पैसे उधार लिए हैं। राशन लेने की बात पर उन्होंने कहा कि राशन ले लिया था। इस दुकान पर 714 क्विंटल चावल का आवंटन किया गया था, जिसे सीधे उपभोक्ताओं से खरीदकर बाजार में बेचा गया है।
• एक दर्जन दुकानों पर जांच में ज्यादा मिला पीडीएस का फोर्टिफाइड चावल
• अफसर इन दुकानदारों पर केस बनाने में चल रही हां या नां
• खाद्य विभाग की टीम ने एक साथ एक दर्जन दुकानों पर मारा छापा
• जिले की पांच सौ से अधिक पीडीएस दुकानों में चल रही राशन की कालाबाजारी
शाम पांच से रात आठ बजे तक नहीं मिला राशन
वर्तमान में प्वाइंट ऑफ सेल मशीन से राशन बांटा जाता है। जिसके तहत सुबह से लेकर शाम चार बजे तक सर्वर ने काम किया, जबकि पांच बजे से रात आठ बजे तक उपभोक्ताओं को मशीन नहीं चलने की वजह से इंतजार करना पड़ा। राजीव कॉलोनी निवासी सलीम ने बताया कि शाम पांच बजे आया था, तब दुकानदार ने बताया कि सर्वर नहीं चल रहा है। रात आठ बजे तक खड़ा रहा, लेकिन राशन नहीं मिल सका। अब गुरुवार को आने के लिए कहा गया है।
राशन बांटने में मिली गड़बड़ी
राजधानी में प्राथमिकता परिवारों को एकमुश्त तीन महीने का राशन दिया जा रहा है। बुधवार को जब एक साथ दुकानों पर टीमों को भेजकर जांच की गई, तो यहां गड़बड़ी मिली हैं, जिसको लेकर इन दुकानदारों पर केस बनाए जा रहे हैं। आगे दुकानों को सस्पेंड किया जाएगा।
• चंद्रभान सिंह जादौन, जिला आपूर्ति नियंत्रक







