28 जून से शुरू होगा राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान टीटी नगर सर्कल में 29 हजार से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक
National Pulse Polio Campaign to begin on June 28 Over 29,000 children in TT Nagar Circle to receive polio drops

28 जून से शुरू होगा राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान
टीटी नगर सर्कल में 29 हजार से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक
भोपाल, यश भारत। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने के लिए टीटी नगर वृत्त की ब्लॉक टास्क फोर्स की बैठक सिविल डिस्पेंसरी कमला नगर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुविभागीय दंडाधिकारी एसडीएम डॉ. अर्चना रावत शर्मा ने की। अभियान 28 जून से 30 जून 2026 तक संचालित किया जाएगा। बैठक में अनुविभागीय चिकित्सा अधिकारी टीटी नगर सर्कल डॉ. अनिमेष सिंह ने अभियान की कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि टीटी नगर क्षेत्र में लगभग 57 हजार 633 घरों को चिन्हित किया गया है और 29 हजार 349 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए बी-टाइप की 147 सी टाइप की 84 सहित कुल 258 टीमों का गठन किया गया है। इसके अलावा पांच ट्रांजिट टीम और दो मोबाइल टीम भी बनाई गई हैं जो व्यस्त चौराहों, न्यू मार्केट और अन्य आवागमन स्थलों पर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का कार्य करेंगी। अभियान की निगरानी के लिए 27 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं। डॉ. सिंह ने बताया कि अभियान में स्वास्थ्य विभाग के साथ महिला एवं बाल विकास विभाग नगर निगम और स्कूल शिक्षा विभाग का भी सहयोग लिया जाएगा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिकाएं आशा कार्यकर्ता एएनएम नर्सिंग छात्र छात्राएं और समाजसेवी घर घर पहुंचकर बच्चों को पोलियो की खुराक दिलाने में योगदान देंगे। एसडीएम डॉ. अर्चना रावत शर्मा ने सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को अभियान का शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम के कचरा संग्रहण वाहनों के माध्यम से जिंगल बजाकर व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर जोर दिया ताकि अधिक से अधिक अभिभावक अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो बूथ तक लाकर जीवनरक्षक खुराक दिला सकें। बैठक में स्वास्थ्य विभाग नगर निगम तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।






