मंडला lजिले में सड़क दुर्घटनाओं के पीड़ितों के लिए प्रशासन ने एक बड़ी राहत की घोषणा की है। सरकार द्वारा लागू की गई “हिट एंड रन मोटरयान दुर्घटना पीड़ित प्रतिकर योजना 2022” के तहत अब अज्ञात वाहन की टक्कर से होने वाली जनहानि पर दी जाने वाली सहायता राशि में भारी बढ़ोतरी की गई है। पूर्व में प्रचलित ‘सोलेशियम फंड’ के तहत अज्ञात वाहन से दुर्घटना होने पर मृतक के आश्रितों को केवल ₹25,000 की राशि दी जाती थी। नई योजना के प्रभावी होने से अब मृत्यु के प्रकरणों में ₹2,00,000 (दो लाख रुपये) और गंभीर रूप से घायल होने पर ₹50,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
जिले में इस योजना की निगरानी के लिए कलेक्टर की अध्यक्षता में एक विशेष समिति का गठन भी किया गया है। योजना का लाभ लेने के लिए पीड़ित या उनके आश्रितों को निम्नलिखित प्रक्रिया अपनानी होगी। आवेदन निर्धारित प्रपत्र में संबंधित तहसीलदार या एसडीएम कार्यालय में जमा करना होगा। आवेदन के साथ बैंक पासबुक की छायाप्रति, अस्पताल के उपचार संबंधी कागजात, घायल या मृतक का पहचान पत्र और पते का प्रमाण संलग्न करना अनिवार्य है। संबंधित थाना प्रभारी द्वारा एफआईआर (FIR) की प्रति, पोस्टमार्टम रिपोर्ट (मृत्यु की स्थिति में), मृत्यु प्रमाण पत्र या गंभीर चोट की स्थिति में एमएलसी (MLC) रिपोर्ट सीधे तहसीलदार कार्यालय को उपलब्ध कराई जाएगी। मंडला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी सड़क दुर्घटना की स्थिति में तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दें। समय पर सूचना मिलने से न केवल अपराधी को पकड़ने में मदद मिलती है, बल्कि पात्र पीड़ित परिवार को शासन की इस कल्याणकारी योजना का लाभ भी समय पर मिल सकेगा।
Back to top button