मध्य प्रदेशराज्य

सीबीआरआई पोर्टल की शिकायतों पर कार्रवाई : 4 लाख रुपये के 20 गुम मोबाइल बरामद …

 

सिवनी यश भारत:-सिवनी कोतवाली थाना पुलिस ने गुम हुए मोबाइल फोन की तलाश के लिए चलाए गए विशेष अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए लगभग 4 लाख रुपये मूल्य के 20 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिए। रविवार दोपहर आयोजित कार्यक्रम में मोबाइल प्राप्त करने वाले लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने पुलिस की इस पहल की सराहना की।

जानकारी के अनुसार पिछले छह माह के दौरान कोतवाली थाना क्षेत्र के 20 लोगों ने अपने मोबाइल फोन गुम होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इन शिकायतों के आधार पर सीबीआरआई (CBRI) पोर्टल पर आवेदन प्रस्तुत किए गए थे। शिकायतों के प्राप्त होने के बाद पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा के निर्देशन में मोबाइल खोजने की विशेष कार्रवाई शुरू की गई।

सिवनी एसडीओपी परते ने बताया कि गुम हुए मोबाइल फोन की लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार जांच की गई। थाना कोतवाली प्रभारी सतीश तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों पर तलाश कर अलग-अलग कंपनियों के कुल 20 मोबाइल फोन बरामद किए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई गई है।

मोबाइल बरामद होने के बाद संबंधित दस्तावेजों और पहचान की प्रक्रिया पूरी कर उन्हें उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द किया गया। लंबे समय से अपने मोबाइल की वापसी की उम्मीद छोड़ चुके लोगों को जब उनके फोन वापस मिले तो उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।

एसडीओपी ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि मोबाइल फोन गुम होने या चोरी होने की स्थिति में तत्काल नजदीकी पुलिस थाना अथवा सीबीआरआई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते तकनीकी सहायता से मोबाइल को ट्रेस कर बरामद किया जा सके। उन्होंने कहा कि पुलिस आमजन की सुरक्षा और उनकी संपत्ति की रक्षा के लिए लगातार कार्य कर रही है।

इस कार्रवाई में थाना कोतवाली प्रभारी सतीश तिवारी सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस सफलता को आमजन के बीच भरोसा बढ़ाने वाली पहल माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button