सिहोरा में भीषण सड़क हादसा: दोपहिया और ट्रैक्टर की टक्कर में पैदल यात्री की मौके पर ही मौत

जबलपुर यश भारत । सिहोरा थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में एक पैदल यात्री की मौके पर ही मौत हो गई. सिहोरा खितौला हिरन नदी पुल के पास दोपहर करीब 4 बजे हुई इस दुर्घटना ने राहगीरों के रोंगटे खड़े कर दिए.
हादसे का विवरण इस प्रकार है: एक पैदल यात्री सड़क के किनारे जा रहा था, तभी एक टू व्हीलर सवार ने उसे टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही पैदल यात्री सड़क के बीच में जा गिरा. इसी बीच, पीछे से आ रहे एक ट्रैक्टर का पहिया उसके सिर को कुचलता हुआ निकल गया. सिर पर गंभीर चोटें आने से पैदल यात्री की मौके पर ही मौत हो गई.
इस खौफनाक दृश्य को देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही सिहोरा थाना पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और टू व्हीलर चालक तथा ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी गई. प्रभारी SDOP निलेश डाबर ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है.







