कटनी

सितंबर 2025 में बनना था, अब तक नहीं बन पाया क्षेत्रीय बस स्टेंड, मार्च 2027 में मिलेगी सौगात, झिंझरी में तीन करोड़ की लागत से कराया जा रहा निर्माण्, दुकानों के निर्माण के साथ ही चार्जिंग स्टेशन भी बनाया जा रहा, बसों के ठहराव के साथ ही यात्रियों की सुविधाओं पर फोकस

यशभारत खास

कटनी, यशभारत। जबलपुर मार्ग पर झिंझरी में जिस क्षेत्रीय बस स्टेंड का निर्माण कार्य कराया जा रहा है, उसे सितम्बर 2025 में पूरा हो जाना था, लेकिन नगर निगम के अधिकारियों की उदासीनता और निर्माण एजेंसी की लापरवाही के चलते कटनी को अब तक नए क्षेत्रीय बस स्टेंड की सौगात नहीं मिल पाई है। अब इसे मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। नगर निगम प्रशासन का मानना है कि अभी वहां कई सारे काम बाकी है, जो पूरा होने में 6 से 8 महीने वक्त लग सकता है। झिंझरी में करीब तीन करोड़ रूपए की लागत से बनने हो रहे क्षेत्रीय बस स्टैंड में जबलपुर और अन्य स्थानों से आने वाली बसों को यहीं पर लाया जाएगा और यहीं से गंतव्य के लिए रवाना किया जाएगा।
क्षेत्रीय बस स्टैंड शुरू न होने के कारण जबलपुर की ओर से आने-जाने वाली बसें अभी भी बीच शहर से होकर गुजर रही हैं। इससे ट्रैफिक जाम की समस्या बनी हुई है और आम नागरिकों को रोज परेशानी झेलनी पड़ रही है। प्रियदर्शनी बस स्टैंड पर बसों का दबाव जस का तस है, जबकि झिंझरी बस स्टैंड केवल कागजों में ही राहत का साधन बना हुआ है। विदित हो कि साल 2025 में जबलपुर मार्ग पर झिंझरी में क्षेत्रीय बस स्टैंड निर्माण के लिए तीन करोड़ रुपये की कार्ययोजना तैयार की गई थी। प्रस्तावित बस स्टैंड मेंं यात्री सुविधाओं के लिहाज से आधुनिक निर्माण कराया जा रहा है। बसों के ठहराव के साथ ही यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखकर बस स्टैंड का निर्माण किया जा रहा है। यह योजना सितंबर 2025 तक पूरी होनी थी। निर्माण का जिम्मा मेसर्स रजनीश एंड कंपनी को सौंपा गया था लेकिन तय अवधि पूरी होने के बावजूद बस स्टैंड का निर्माण आज तक पूरा नहीं हो पाया।
प्रियदर्शनी बस स्टैंड से 150 से ज्यादा बसों का संचालन
्रअभी नदीपार स्थित प्रियदर्शनी बस स्टैंड से प्रतिदिन करीब 150 से ज्यादा बसों का संचालन होता है, जिसमें भोपाल, इंदौर, रीवा, नागपुर, जबलपुर, दमोह, छतरपुर, पन्ना, प्रयागराज के अलावा स्थानीय स्तर पर कैमोर, बहोरीबंद, उमरियापान, ढीमरखेड़ा, विजयराघवगढ़, बड़वारा, रीठी आदि क्षेत्रों के लिए बसें रवाना होती है। बड़ी संख्या में बसों का संचालन होने से प्रियदर्शनी बस स्टेंड में में जगह की कमी की दिक्कत होने लगी है, साथ ही बसों को खड़ा करने में बस मालिकों को परेशानी होती है। इसको देखते हुए जबलपुर की ओर से आने वाली बसों को प्रियदर्शनी बस स्टैंड न लाकर उनको झिंझरी में क्षेत्रीय बस स्टैंड बनाकर वहीं से बसों का संचालन करने का प्रस्ताव वर्ष 2020 में बनाया गया था।
इन वजहों से हुई लेटलतीफी
बताया जाता है कि क्षेत्रीय बस स्टेंड के निर्माण के दौरान नगर निगम ने प्रथम तल पर सिटी बस कार्यालय बनाने की योजना बना दी। इससे न केवल काम की रफ्तार धीमी हुई, बल्कि बस स्टैंड शुरू होने में और देरी हो गई। सिटी बसों के संचालन के लिए यहां चार्जिंग स्टेशन सहित अन्य जरूरी कार्य भी कराए जा रहे हैं।
इनका कहना है
झिंझरी में प्रस्तावित क्षेत्रीय बस स्टैंड का कार्य जल्द से जल्द पूरा कराने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। शहर को आने वाले समय में एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। इससे शहर के अंदर जाम की समस्या से मुक्ति मिलेगी। यात्री सुविधाओं को जल्द से जल्द पूरा कराते हुए वहां से बसों का संचालन किया जाएगा।
-श्रीमति प्रीति संजीव सूरी, महापौर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button