सड़क हादसे में युवक की दर्दनाक मौत : आक्रोशित रहवासियों ने किया चक्का जाम, पुलिस ने संभाला मोर्चा

रीवा | सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद बाद एनएच-135 (रीवा-मिर्जापुर) पर शव रखकर चक्काजाम करने वालों पर पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए एफआईआर दर्ज की है।
जिले के शाहपुर थाना में दर्ज एफआईआर में 6 नामजद सहित 10-15 अज्ञात लोग शामिल हैं। गौरतलब है कि रात सड़क हादसे में रज्जन प्रजापति की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग को करीब ढाई घंटे के लिए पूरी तरह ठप कर दिया था। दर्ज एफआईआर के मुताबिक, इस दौरान एबुलेंस, बसों और कारों को रोक दिया गया, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। समझाने पहुंचे पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की चेतावनी के बावजूद भीड़ उग्र रही और पथराव भी किया। एसडीएम हनुमना राजेश मेहता के मौखिक आदेश पर प्रदर्शन को विधि विरुद्ध घोषित किया गया।
पुलिस ने बताया कि चकाजाम करने के मामले में संतोष शर्मा, दिव्यांश साकेत, सुरेश प्रजापति, राजनाथ शर्मा, आलम गिरी अंसारी और सुखलाल प्रजापति सभी निवासी ग्राम देवरा के साथ अन्य महिलाओं और पुरुषों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 126 (1), 285, 221, 189,191 (2) एवं राष्ट्रीय राजमार्ग अधिनियम की धारा 8 बी का अपराध कायम किया गया है
इन्होंने कहा…
जायज प्रदर्शन हर व्यक्ति का अधिकार है, लेकिन यह प्रक्रिया लोक व्यवस्था में बाधक नहीं बननी चाहिए। एक्सीडेंट जैसी
घटना के बाद चकाजाम खुलवाने में बड़ी संख्या में पुलिस के व्यस्त हो जाने से अपराधियों के मौके से बच निकलने के अवसर बढ़ते हैं।
सुरेंद्र कुमार जैन, एसपी मऊगंज







