संभावित सूची ने बढ़ा दी हलचल बधाईयों का दौर भी हो गया शुरू, निगम मंडल प्राधिकरण में नियुक्तियों को लेकर उत्सुकता

जबलपुर यश भारत। लंबे समय से निगम मंडल और प्राधिकरण में नियुक्तियों का इंतजार कर रहे दावेदारों के लिए राहत भरी खबर हाल ही में जब सामने आई जब मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से यह जानकारी निकलकर सामने आई की अब जल्द ही राजनीतिक नियुक्तियां कर दी जाएगी। इसके लिए बाकायदा संभावितों की सूची भी तैयार हो गई है और उसे पर मंथन का दौर भी जारी है। सूत्र तो यहां तक बता रहे हैं कि सिर्फ ऊपर से हरी झंडी मिलते ही सूची जारी कर दी जाएगी। कुछ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और समाचार पत्रों ने तो बाकायदा सूची जारी भी कर दी है कि कौन-कौन पदाधिकारी बनने वाला है। यह जानकारी जब से वायरल हुई तो जिनके नाम इस सूची में शामिल है न केवल वह बल्कि उनके समर्थकों में भी हर्ष की लहर दौड़ गई है और अब तो सोशल मीडिया के जरिए अधिकृत सूचना जारी होने के पहले ही बधाईयों का दौर भी शुरू हो गया है। इस कवायद को बल और इसलिए मिला कि हाल ही में शासन के द्वारा रामकृष्ण कुसमरिया और मौसम बिसैन की नियुक्ति की है और इस नियुक्ति को अब शुरुआत माना जा रहा है और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही अगली लिस्ट भी जारी कर दी जाएगी। मीडिया और सोशल मीडिया में फिलहाल जबलपुर से भी तीन नाम सामने आए हैं जिसके चलते एक तरफ उनके समर्थकों में खुशी की लहर है तो कुछ लोग ऐसे भी हैं जो अपना नाम सूची में न होने से परेशान भी हैं क्योंकि लंबे समय से वह भी आस लगाए बैठे थे कि उन्हें भी कहीं ना कहीं एडजस्ट किया जाएगा। लेकिन आगे क्या होगा यह तो आने वाले समय में ही पता चल पाएगा लेकिन फिलहाल राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर हलचल जरूर तेज है।
एल्डरमैन की नियुक्तियां भी है पेंडिंग
कुछ समय पूर्व जोर शोर सी यह खबर वायरल हुई थी कि शासन के द्वारा जल्द ही नगर निगम नगर पंचायत और नगर पालिका में एल्डरमैन की नियुक्ति कर दी जाएगी। इसके लिए बाकायदा जिला संगठन से संभावित नाम की लिस्ट भी मंगवाई गई थी। यह प्रक्रिया पूर्व में प्रदेश अध्यक्ष रहे बीडी शर्मा के जमाने में सामने आई थी लेकिन उसके बाद मामला नए अध्यक्ष की ताजपोसी के कारण अटक गया। अब देखना यह है कि निगम मंडल प्राधिकरणों के साथ ही नगर निगम और नगर पालिका में एल्डरमैन की नियुक्ति कब तक संभव हो पाती है। जबलपुर नगर निगम में आठ एल्डरमैन नियुक्त किए जाने हैं और इसके लिए भी अनेक लोग कतार में है।







