शहर में हर्षोल्लास से मना भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव, दोपहर 12 बजते ही भये प्रगट कृपाला दीन दयाला…की धुन से गंूजे राम मंदिर, कल निकलेगी भव्य शोभायात्रा

कटनी, यशभारत। मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्री राम का जन्मोत्सव रामनवमीं के रूप में आज शहर सहित समूचे जिले में अपार उमंग और हर्षोल्लास के बीच मनाया जा रहा है। हिंदू धर्म में रामनवमी का विशेष महत्व है। भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव मध्यदिवस शुभ समय में होता है। दोपहर ठीक 12 बजे मंदिरों में घंटे शंखों की ध्वनि के बीच भगवान श्री राम का प्राकट्य हुआ। ज्ञात हो कि चैत्र नवरात्र के नवमे दिन रामनवमी धूमधाम के साथ मनाया जाता है। इस दिन पूजा पाठ, दान-पुण्य का अधिक महत्व होता है। कई लोग नवरात्र में व्रत रखते हैं और रामनवमी के दिन श्रद्धालु पूजा पाठ के उपरांत इसे तोड़ते हैं। दोपहर ठीक 12 बजे मध्य दिवस पर मंदिरों और घरों से शंख, घंटों की ध्वनि के साथ भय प्रगट कृपाला दीन दयाल भी गुंजायमान हो रहा था। शहर के आजाद चौक गाटरघाट स्थित समीर राम मंदिर, राम जानकी मंदिर, हनुमान कांच मंदिर, मघई मंदिर, कमानिया गेट, हनुमान मंदिर, गोविन्द देव जी मंदिर, सत्यनारायण मंदिर, लक्ष्मीनारायण मंदिर सहित जालपा मढिय़ा में मध्य दिवस पर विशेष धार्मिक अनुष्ठान के साथ भय प्रगट कृपाला गुंजायमान हो रहा था। इस दौरान भक्त भगवान राम की भक्ति में तल्लीन नजर आए। शहर में इस बार कल शाम भव्य शोभायात्रा भी निकाली जाएगी, जिसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।






