कुनिया जंगल में गौवंश तस्करी का भंडाफोड़, 200 गौवंश मुक्त कराए पुलिस ने, 17 संदिग्ध हिरासत में

कटनी/शाहनगर, यशभारत। शाहनगर थाना क्षेत्र और मैहर जिले की सीमा से लगे कुनिया जंगल में शनिवार देर रात एक बड़ी कार्रवाई सामने आई, जिसने गौवंश तस्करी के एक संगठित नेटवर्क की ओर इशारा किया है। यूथ कांग्रेस अध्यक्ष शुभम रजक के नेतृत्व में करीब 40 समाजसेवियों ने मुखबिर की सूचना पर रात लगभग 11 बजे जंगल में छापा मारा और करीब 200 नग गौवंश को मुक्त कराया। मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि सभी गौवंश को बेहद क्रूरता के साथ बांधकर रखा गया था और उन्हें चोरी-छिपे अन्य स्थान पर ले जाने की तैयारी चल रही थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए समाजसेवियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए करीब 17 संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ लिया, जो इस अवैध गतिविधि में संलिप्त बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही झुकेही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को अपने नियंत्रण में लिया। पुलिस ने पकड़े गए सभी संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि यह एक संगठित गिरोह का हिस्सा हो सकता है, जो लंबे समय से गौवंश की तस्करी में सक्रिय है, हालांकि घटनास्थल से कोई बड़ा वाहन या ट्रक बरामद नहीं हुआ, लेकिन तीन दोपहिया वाहन जरूर मिले हैंए जिनका उपयोग तस्करी की गतिविधियों में किया जा रहा था। पुलिस अब इस मामले में आगे की जांच कर रही हैए साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस गिरोह के अन्य सदस्य कौन हैं और यह नेटवर्क किन-किन क्षेत्रों में फैला हुआ है। स्थानीय लोगों और समाजसेवियों की इस सतर्कता और साहसिक पहल की सराहना की जा रही है, जिसकी वजह से बड़ी संख्या में गौवंश को सुरक्षित बचाया जा सका।







