शहर में उत्साह से मनाई रामलला की प्राण प्रतिष्ठा पहली वर्षगांठ, मंदिरों में विविध कार्यक्रम, पूजा अर्चना, प्रसाद वितरित

कटनी, यशभारत। अयोध्या में मर्यादा पुरषोत्तम भगवान श्री राम के भव्य मंदिर एवं रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ के अवसर पर आज शहर के राम मंदिरों में सुबह से विविध धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन हो रहा है। दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर से शोभायात्रा निकाली जा रही है। सुबह से ही श्रद्धालु भगवान राम की भक्ति में तल्लीन नजर आ रहे हैं। कई मंदिरों में आकर्षक विद्युत साज सज्जा भी की गई है। राम मंदिरों में सर्वप्रथम भगवान श्री राम की विशेष पूजाा अर्चना की गई और आरती करते हुए प्रसाद वितरित किया गया। आजाद वार्ड गाटरघाट स्थित प्राचीन समीर राम मंदिर के पुजारी मोहन शुक्ला ने बताया कि अयोध्या में आज के दिन भगवान श्री रामलला सरकार की पांच सौ वर्षों की प्रतीक्षा के बाद पुन: प्राणप्रतिष्ठा हुई और विशाल राम मंदिर का निर्माण हुआ, जिसकी आज पहली वर्षगांठ है। इस अवसर पर आज सुबह भगवान को विशेष जल से स्नान कराकर नए वस्त्र भेंट किए। विशेष व्यजनों से भगवान को भोग कराया गया। दोपहर में भगवान राम की पसंद का भोजन कराया गया। संध्या के समय सुंदर कांड का पाठ और महाआरती प्रसाद वितरण का आयोजन रखा गया। इसी तरह शेर चौक स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर में प्रतिदिन की भांति भगवान का पूजन अर्चन किया गया संध्या बेला में आरती और प्रसाद वितरण किया जावेगा। इसके अलावा कटाएघाट मोड़ स्थित राम मंदिर सहित अन्य मंदिरों में भी सुबह से विविध धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।







