शराब के नशे में ट्रक चलाते मिला चालक, निवार पुलिस ने पकड़ा, वाहन जब्त, मामला दर्ज

कटनी, यशभारत। सडक़ सुरक्षा सुनिश्चित करने और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत निवार पुलिस ने शराब के नशे में ट्रक चला रहे एक चालक के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर ट्रक जब्त किया और प्रकरण में इस्तगासा तैयार कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया। जिले में शराब के नशे में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 29 सितंबर को निवार पुलिस चौकी द्वारा निवार बाजार में वाहन चेकिंग की जा रही थी। चेकिंग के दौरान स्वराज मजदा ट्रक क्रमांक एमपी 20 एक्सए 6763 के चालक को पुलिस ने रोककर जांच की। पुलिस ने चालक अरविंद वंशकार निवासी मटवारा की एल्कोहल एनालाइजर मशीन से जांच की, जिसमें उसके शराब के सेवन की पुष्टि हुई। शराब के नशे में वाहन चलाने पर चालक के विरुद्ध धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने ट्रक को जब्त किया। प्रकरण में चौकी निवारए थाना माधवनगर पुलिस द्वारा इस्तगासा तैयार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। कार्रवाई में चौकी प्रभारी अंजनी मिश्र, सहायक उप निरीक्षक राजेश कोरी, कामेश्वर शुक्ला, प्रधान आरक्षक गौरव सेन, अंकित दुबे, संतोष प्रजापति, आरक्षक अरविंद एवं बकील की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







