विद्यार्थियों ने देखा उत्तर-पूर्व की समृद्ध विरासत, नागालैंड भ्रमण से बढ़ा ज्ञान
Students witnessed the rich heritage of the Northeast and gained knowledge from their visit to Nagaland.

विद्यार्थियों ने देखा उत्तर , पूर्व की समृद्ध विरासत, नागालैंड भ्रमण से बढ़ा ज्ञान
भोपाल यश भारत। एक भारत श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम के अंतर्गत स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित एक्सपोज़र विजिट में प्रदेश के विद्यार्थियों ने उत्तर पूर्व भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत एवं जीवनशैली का करीब से अनुभव किया। इस पहल के तहत विद्यार्थियों का दल अप्रैल माह के बीच नागालैंड के भ्रमण पर गया। विभाग द्वारा पहली बार इस तरह की पहल की गई है जिसके अंतर्गत अब तक चार दलों को नागालैंड भेजा जा चुका है। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला और उन्होंने स्थानीय संस्कृति, परंपराओं तथा जीवनशैली को समझने का प्रयास किया। यात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने कोहिमा, खोनोमा ग्रीन विलेज भारत का पहला ग्रीन विलेज, किसामा हेरिटेज विलेज, कोहिमा वॉर सेमेट्री तथा कैथेड्रल चर्च जैसे प्रमुख ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक स्थलों का भ्रमण किया। खोनोमा में विद्यार्थियों ने पारंपरिक जनजातीय जीवन और सांस्कृतिक संरचनाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। इसके अलावा जोत्सोमा स्थित शैक्षणिक संस्थानों एवं छात्रावासों का दौरा कर विद्यार्थियों ने स्थानीय छात्रों के साथ संवाद किया और उनकी शिक्षा प्रणाली व दैनिक जीवन को समझा। शिक्षकों ने भी वहां अपनाई जा रही शैक्षणिक नवाचारों और बेस्ट प्रैक्टिसेज का अध्ययन किया। सांस्कृतिक आदान प्रदान कार्यक्रम के तहत दोनों राज्यों के विद्यार्थियों ने लोक नृत्य संगीत और पारंपरिक प्रस्तुतियां दीं। इस अवसर पर मध्यप्रदेश के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत कर्मा नृत्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने दीमापुर स्थित विज्ञान केंद्र बांस संसाधन केंद्र और कचरी अवशेषों का भी अवलोकन किया, जिससे उन्हें क्षेत्रीय इतिहास और विज्ञान से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई।
यात्रा का समापन इंडिया गेट एवं नेशनल वॉर मेमोरियल के भ्रमण के साथ हुआ। इस एक्सपोज़र विजिट ने विद्यार्थियों के ज्ञान और दृष्टिकोण को व्यापक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।







