जबलपुरमध्य प्रदेश

विजय नगर में अंधे कत्ल का सनसनीखेज खुलासा, अवैध संबंध के शक में मजदूर की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

जबलपुर यश भारत । थाना विजय नगर अंतर्गत एयरटेल ऑफिस के पास हॉट बाजार क्षेत्र में हुई अंधे कत्ल की गुत्थी को पुलिस ने महज कुछ ही घंटों में सुलझा लिया है। जानकारी के अनुसार, 31 मार्च 2026 की अलसुबह पुलिस को खंडहर गोदाम के पीछे एक व्यक्ति के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना मिली थी, जिसकी मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान 52 वर्षीय जगदीश सिंह उर्फ लटोरी, निवासी ग्राम अतरिया (गोसलपुर) के रूप में हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई, जिसने तकनीकी साक्ष्यों और सूक्ष्म जांच के आधार पर आरोपी गुलाब शाह (28 वर्ष), निवासी करेली को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

अवैध संबंध का शक बना हत्या का कारण

थाना प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र सिंह ने बताया कि मृतक जगदीश गौंड मात्र चार दिन पहले ही गोसलपुर से विजय नगर मंडी में मजदूरी करने आया था। इस दौरान उसकी जान-पहचान क्षेत्र की एक महिला से हो गई थी। आरोपी गुलाब शाह को संदेह था कि मृतक के उस महिला के साथ अवैध संबंध हैं, जिसे वह स्वयं पसंद करता था। इसी रंजिश और शक के चलते आरोपी ने बांस के डंडे से जगदीश पर ताबड़तोड़ हमला कर उसे मरणासन्न स्थिति में छोड़ दिया और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त डंडा बरामद कर लिया है।

पुलिस टीम की तत्परता आई काम

इस अंधे कत्ल का पर्दाफाश करने में विजय नगर थाना प्रभारी राजेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक कमलेश मेश्राम, ब्रजेन्द्र तिवारी, आरक्षक दीपक राजपूत और रूपेश जगेत की मुख्य भूमिका रही। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। इस त्वरित कार्रवाई की वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा सराहना की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button