लापता युवती का कुएं में मिला शव : परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, क्षेत्र में हड़कंप

रीवा । सगरा थाना क्षेत्र की रहने वाली एक सप्ताह से लापता युवती का शव कुएं में मिलने के बाद तनाव व्याप्त हो गया। घर से लगभग 8 किलोमीटर दूर कुएं में लाश मिलने के बाद परिजन नै एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। शव मिलने के बाद आक्रोश को देखते हुए मौके पर सगरा पुलिस के साथ आसपास के थानों का पुलिस बल भी पहुंचा।
सगरा थाना प्रभारी अंकिता मिश्रा ने बताया कि 13 जून से लापता शिवानी कोरी पिता जयलाल 21 वर्ष निवासी खजुआवन का शव शुक्रवार की सुबह कुशहा गांव में स्थित कुएं में मिला है। शव मिलने के बाद परिवार के लोगों ने हत्या का आरोप लगाया है, जिस पर उन्हें निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया गया है। मृतका का पोस्टमार्टम मेडिकल कॉलेज की टीम से कराया गया है। फिलहाल मर्ग कायम किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट अभी नहीं मिली है।
युवती का शव मिलने के तनाव को देखते हुए विश्वविद्यालय थाना प्रभारी हितेंद्रनाथ शर्मा और रायपुर कर्चुलियान थाना प्रभारी राजकुमार तिवारी भी मौके पर
पहुंचे। काफी समझाइश के बाद परिजन का आक्रोश शांत हुआ और फिर पोस्टमार्टम के बाद पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए प्रयागराज ले गए।
मृतिका के भाई विकास कोरी ने गांव के ही एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। भाई का कहना है कि उसकी बहन को अगवा कर ले जाया गया और हत्या कर शव को कुएं में फेंका गया है। सूत्रों की मानें तो इस तरह के आरोप सामने आने पर पुलिस ने संदेही को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।







