मध्य प्रदेशराज्य

रेलवे स्टेशन पर खूनी वारदात: लहूलुहान हालत में मिली अज्ञात युवती, जिंदगी और मौत के बीच जंग! : चेहरे और सिर पर गहरे घाव, बीना से सागर बीएमसी रेफर

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ बीना रेलवे स्टेशन क्षेत्र में एक रूह कंपा देने वाली वारदात की आशंका से हड़कंप मच गया है। यहाँ एक अज्ञात युवती अत्यंत संदिग्ध परिस्थितियों में लहूलुहान और मरणासन्न अवस्था में मिली है। युवती के चेहरे, आंख और सिर पर गहरे जख्मों के निशान हैं, जो किसी बड़े हमले या गंभीर वारदात की ओर इशारा कर रहे हैं। जिंदगी और मौत के मुहाने पर खड़ी इस युवती को नाजुक हालत में बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) सागर के आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी सांसें अटकी हुई हैं।

आधी रात को मिली तड़पती हुई युवती, बीना से सागर रेफर

दिल दहला देने वाली यह घटना बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात की है। दिनांक 11 जून 2026 को रात करीब 01:45 बजे रेलवे स्टेशन क्षेत्र में इस युवती को खून से लथपथ तड़पते हुए देखा गया। सूचना मिलते ही जीआरपी बीना के आरक्षक क्रमांक 203 संदीप यादव ने इंसानियत की मिसाल पेश करते हुए लहूलुहान युवती को तत्काल शासकीय अस्पताल बीना पहुँचाया। लेकिन, युवती के सिर पर आई गंभीर चोटों और लगातार गिरते स्वास्थ्य को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तुरंत बीएमसी सागर रेफर कर दिया।

क्रूरता की कहानी बयां कर रहे हैं जख्म, पहचान छुपाने की कोशिश?

अस्पताल के बेड पर अचेत पड़ी युवती की हालत देखकर हर कोई दहल उठा है। उसके चेहरे और आंख के पास आई सूजन और चोटें यह साफ बता रही हैं कि उसके साथ कोई खौफनाक वारदात घटी है। युवती फिलहाल अचेत (बेहोश) है और कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं है, जिसके कारण उसकी पहचान पुलिस के लिए एक बड़ी पहेली बन गई है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि युवती को किसी ट्रेन से फेंका गया है या स्टेशन परिसर में ही उसके साथ इस खूनी वारदात को अंजाम दिया गया।

दहशत का माहौल,  तलाश में जुटी खाकी

इस सनसनीखेज मामले के बाद बीना से लेकर सागर तक पुलिस महकमे में हड़कंप है। युवती की शिनाख्त करने और दरिंदों तक पहुँचने के लिए पुलिस ने सोशल मीडिया पर हुलिया जारी कर आमजन से मदद की गुहार लगाई है। पुलिस ने अपील की है कि यदि किसी भी थाना क्षेत्र से कोई युवती लापता है या कोई इसे पहचानता है, तो तत्काल इन नंबरों पर संपर्क करें: कंट्रोल रूम / पीसीआर सागर 9479997610, पुलिस चौकी बीएमसी सागर: 9977131333, जीआरपी बीना

पुलिस का कहना है कि युवती के होश में आने के बाद ही इस बात का खुलासा हो सकेगा कि इस खौफनाक मंजर के पीछे असली गुनहगार कौन है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button