रिश्ते तार-तार: वहम के ज़हर ने कुल्हाड़ी को बनाया इंसाफ का हथियार; चाचा की कर दी निर्मम हत्या…

मंडला |जिले के मोहगांव थाना क्षेत्र में इंदर मरावी (40) की हत्या के मामले में खुलासा पुलिस ने कर दिया है। जांच में सामने आया कि मृतक के दूर के रिश्ते के भतीजे प्रमोद मरावी (33) ने जादू-टोने के शक में कुल्हाड़ी से हत्या की थी। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। पुलिस पता लगा रही है कि वारदात में अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।
खर्राछापर निवासी इंदर मरावी गुटखा लेने की बात कहकर घर से निकला था। रात तक घर न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश की। शनिवार सुबह गांव के पास सड़क से करीब 30 फीट दूर खेत में शव मिला। शव के सिर पर धारदार हथियार के वार के निशान थे। एडिशनल एसपी शिव कुमार वर्मा ने बताया कि जांच के दौरान मृतक के दूर के रिश्ते के भतीजे प्रमोद पर संदेह गहराया। जांच में सामने आया कि प्रमोद को शक था कि इंदर मरावी जादू-टोना करता है। उसे लगता था कि इसी जादू-टोने के कारण पहले उसके बड़े पिता, फिर उसकी पत्नी और बाद में वह खुद बीमार पड़ा। इसी के चलते उसने इंदर की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी प्रमोद को हिरासत में ले लिया है। पूछताछ जारी है। पुलिस जांच कर रही है कि वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं।







