शहडोल। जिले के ब्यौहारी रेलवे स्टेशन पर उस समय यात्रियों एवं रेलवे कर्मचारियों में हड़कंप मच गया जब, एक ट्रेन की बोगी से धूं-धूं करते धुएं का गुबार उठने लगा और कुछ ही देर में उक्त बोगी आग की आगोश में आ गयी। बताया गया है कि, यह घटनाक्रम रेलवे स्टेशन के साइडिंग का है। जहां रेलवे ट्रैक पर खड़ी, चार कोच वाली वर्कशॉप कम रेस्ट फॉर ट्रैक मशीन पर अचानक धधकती आग बेकाबू हो गई। जिस पर बड़ी मश्ककत के बाद काबू पाया जा सका। आग लगने का फिलहाल अज्ञात बताया गया है। वहीं इस घटना को लेकर प्रथम दृष्टया शार्ट सर्किट की आशंका भी व्यक्त की गई है।
समय से आग पर पाया काबू
दरअसल, रेलवे स्टेशन पर खड़ी चार कोच वाली ट्रेन के कोच की नंबर ईसीओ 994129 में अचानक रविवार दोपहर आग भड़क उठी। गनिमत रही कि, इस घटना के दौरान कोच के अंदर कोई भी कर्मचारी मौजूद नहीं रहा। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। जिसके बाद दमकल कर्मियों ने तत्परता के साथ आग पर काबू पाया और उसे फैलने से रोक लिया। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो, यदि समय पर आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता, तो पास की अन्य बोगियां भी इसकी चपेट में आ सकती थीं, यह हादसा और भी बड़ा हो सकता था।
यात्रियों को हुई परेशानी
घटनाक्रम की सूचना मिलते ही आरपीएफ चौकी प्रभारी गिरीश कुमार मिश्रा एवं स्थानीय थाना प्रभारी जियाउल हक ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। सूत्र बताते हैं कि, जिस व्यक्त यह हादसा हुआ, उस दौरान स्टाॅफ कार्य के लिए बाहर थे, वरना किसी जनहानि से इंकार नहीं किया जा सकता था। हालांकि वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए रेलवे एवं पुलिस प्रशासन की जांच जारी है। इस घटना के बाद अप-डाउन ट्रेक से आने जाने वाली ट्रेनों का आवागमन बंद रहा। कई ट्रेनें घंटों तक रूकी रही और यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।