राजनीतिक नियुक्तियों के बीच कल कटनी आ रहे भाजपा प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी एवं जिला प्रभारी सुजीत जैन, बैठक के साथ कार्यकर्ताओं से मुलाकात

कटनी, यशभारत।भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश के प्रदेश महामंत्री एवं जबलपुर संभाग प्रभारी राहुल कोठारी तथा कटनी संगठन जिला प्रभारी सुजीत जैन का शनिवार 09 मई 2026 को एक दिवसीय संयुक्त कटनी प्रवास रहेगा। संगठनात्मक नियुक्तियों के बीच प्रभारियों के कटनी आगमन को खास माना जा रहा है। उल्लेखनीय है कि पार्टी स्तर पर घोषित होने जा रही विभिन्न समितियों के लिए नाम फाइनल हो रहे है। विकास प्राधिकरण के साथ एल्डरमैन की घोषणा भी होना है। बताया जा रहा है कि दोनों नेता संगठनात्मक बैठकों में शामिल होकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे। हालांकि श्री कोठारी एवं श्री जैन नामों को लेकर कुछ होमवर्क कर प्रदेश नेतृत्व को अवगत कराएंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नेताद्वय दोपहर 2:30 बजे सड़क मार्ग से कटनी पहुंचेंगे तथा सर्किट हाउस में कार्यकर्ताओं से भेंट करेंगे। इसके पश्चात दोपहर 3 बजे भाजपा जिला कार्यालय में जिला कोर टीम की बैठक आयोजित होगी। सायं 4 बजे वृहद जिला (कामकाजी) बैठक में संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की जाएगी। इसके बाद शाम 5:30 बजे वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से संपर्क एवं भेंट का कार्यक्रम रहेगा। सायं 6 बजे दोनों नेता सिहोरा के लिए प्रस्थान करेंगे। वहां शाम 7 बजे विधायक प्रणय प्रभात पांडे के निवास पर ज्येष्ठ-श्रेष्ठ कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। इसके उपरांत रात्रि 8 बजे जबलपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।








