योजनाएं अपार हर घर जल” योजना का बंटाढार: बूंद-बूंद पानी को तरस रहे रहवासी

यशभारत डिंडोरी l एक ओर सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में “हर घर जल” योजना के तहत शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के बड़े-बड़े दावे कर रही है, वहीं दूसरी ओर डिंडोरी जिले के मेहदवानी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सुखलोडी के वनग्राम खमरिया में ग्रामीण भीषण जल संकट से जूझ रहे हैं। पंचायत विभाग की लापरवाही और उदासीनता के कारण गांव में पेयजल समस्या विकराल रूप ले चुकी है और ग्रामीण बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं।
ग्रामीणों के अनुसार गांव के अधिकांश कुएं, बावड़ी और अन्य प्राकृतिक जल स्रोत पूरी तरह सूख चुके हैं। इसके बावजूद पंचायत विभाग द्वारा समय रहते कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई। हालात ऐसे हैं कि ग्रामीणों को रोजाना पहाड़ी और घाट चढ़कर लगभग दो किलोमीटर दूर से पानी लाना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी महिलाओं, बुजुर्गों और छोटे बच्चों को उठानी पड़ रही है, जिन्हें घंटों मेहनत कर पानी जुटाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि समस्या को लेकर कई बार पंचायत सचिव और संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। न तो नियमित टैंकर की व्यवस्था की गई और न ही खराब पड़े हैंडपंपों की मरम्मत कराई गई। पंचायत विभाग की उदासीन कार्यप्रणाली को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
जल संकट से परेशान सैकड़ों ग्रामीण जनपद पंचायत मेहदवानी पहुंचे और पंचायत विभाग के खिलाफ नाराजगी जताते हुए तत्काल पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
ग्रामीणों का कहना है कि हर वर्ष गर्मी के मौसम में जल संकट की स्थिति बनती है, इसके बावजूद पंचायत विभाग पहले से कोई ठोस तैयारी नहीं करता। करोड़ों रुपये की योजनाओं और कागजी दावों के बीच आज भी ग्रामीण मूलभूत सुविधा पानी के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
वनग्राम खमरिया की यह स्थिति पंचायत विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।







