कटनी

युवक को घसीटकर पीटा, महिला के फाड़े कपड़े, मटवारा में सत्ताधारी दल से जुड़े लोगों की दबंगई, एसपी तक पहुंचा मामला, पीडि़त ने की कार्रवाई की मांग

कटनी, यशभारत। स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम मटवारा में दबंगों द्वारा एक परिवार के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। पीडि़त परिवार ने मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से करते हुए कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में मटवारा निवासी अरविंद बसोर ने अपने एवं अपनी मां के साथ मारपीट, घर पर पहुंचकर हमला करने, सामान व नकदी ले जाने तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। पीडि़त पक्ष का कहना है कि स्लीमनाबाद थाने में शिकायत के बावजूद रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। पीडि़त अरविंद वंशकार के अनुसार 29 सितंबर की शाम वह मिनी ट्रक से कागज, कॉपी एवं रद्दी का माल लेकर जबलपुर जाने की तैयारी में था। इसी दौरान वह निवार में अपनी मौसी के घर खाना खाने गया था। खाना खाने के बाद बाजार से निकलते समय उसकी गाड़ी से एक स्कूटी को कथित रूप से धक्का लग गया। इसके बाद संजू बर्मन, सिद्धार्थ पाण्डेय सहित अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट की। अरविंद का आरोप है कि वह किसी तरह वहां से वाहन लेकर अपने गांव मटवारा पहुंचा, लेकिन करीब 40-50 लोगों ने उसका पीछा किया एवं उसके घर पहुंच गए। घर पर उसके साथ तथा उसकी मां के साथ मारपीट की गई। आरोप लगाया गया है कि मिनी ट्रक में रखा माल तथा पर्स में रखे करीब 3 हजार रुपये भी ले लिए गए।
सत्ताधारी दल से जुड़े हैं आरोपी
मामले में नामजद आरोपी सत्ताधारी दल के आनुसांगिक संगठन से जुड़े बताए जा रहे हैं, जिसके चलते स्लीमनाबाद पुलिस कार्रवाई करने से कतरा रही है। सूत्रों और पीडि़त परिवार का आरोप है कि मुख्य नामजद आरोपी सत्ताधारी दल के अनुसांगिक संगठन में प्रभाव रखते हैं। इसी राजनीतिक दबाव और राजनीतिक रसूख के कारण पुलिस मामला दर्ज करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने से बच रही है।
थाने में रिपोर्ट दर्ज नहीं होने का आरोप
पीडि़त ने एसपी को दिए आवेदन में कहा कि घटना की शिकायत लेकर वह स्लीमनाबाद थाने पहुंचा लेकिन उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। आरोपियों से स्वयं एवं परिवार को जान माल का खतरा बताते हुए निष्पक्ष जांचए शिकायत दर्ज करने और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button