मध्य प्रदेशराज्य

भोपाल के चोरों ने सागर में की दिनदहाड़े चोरी : खाकी का तगड़ा एक्शन, 3 शातिर चोरों को दबोचा

 

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ सागर की सिविल लाइन थाना पुलिस ने दिनदहाड़े सूने मकानों को निशाना बनाने वाले अंतर-जिला चोर गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर एमआईजी कॉलोनी में हुई दिनदहाड़े चोरी की वारदात का सफल पर्दाफाश करते हुए भोपाल के तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के शत-प्रतिशत आभूषण बरामद कर लिए हैं।

सिविल लाइन थाना प्रभारी (TI) आनंद सिंह ने बताया कि बीती 23 जनवरी 2026 को एमआईजी कॉलोनी निवासी फरियादिया कल्पना रावत के सूने आवास का ताला चटकाकर दिनदहाड़े चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था। पुलिस अधीक्षक (SP) अनुराग सुजानिया के निर्देशन एवं नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) ललित कश्यप के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों और साइबर सेल की मदद से आरोपियों की पतासाजी की। तकनीकी इनपुट के आधार पर पता चला कि वारदात को अंजाम देने वाले शातिर चोर भोपाल पुलिस की अभिरक्षा में हैं, जिसके बाद सागर पुलिस उन्हें प्रोडक्शन वारंट पर भोपाल से सागर लेकर आई।

थाने लाकर की गई कड़ाई से पूछताछ में आरोपियों ने चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर उनके कब्जे से करीब ₹60,000 मूल्य का मशरूका बरामद किया, जिसमें एक सोने का पेंडल, तीन जोड़ी चांदी की पायल और आठ नग बिछिया शामिल हैं।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में राजा पिता आसिफ खान (आयु 23 वर्ष, निवासी भोपाल), लकी पिता मुदुल राजपूत (आयु 23 वर्ष, निवासी कोलार रोड, भोपाल), विजय डिडोरिया पिता मुकेश डिडोरिया (आयु 21 वर्ष, निवासी भोपाल) को आवश्यक वैधानिक औपचारिकताएं पूर्ण करने के उपरांत माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहाँ से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। इस त्वरित कार्रवाई में सिविल लाइन थाने के सउनि बी.एस. कारोलिया, प्रधान आरक्षक सतीश बैन, आरक्षक हरगोविन्द, विपिन, रवि कुमार, नीरज, जवाहर सिंह तथा सायबर सेल से कुलदीप व सौरभ की सराहनीय भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button