भीषण सड़क हादसा : तेज रफ्तार कार की टक्कर से अधेड़ की मौत, पैर टूटकर हुआ अलग

गोटेगांव । थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। घटना छिंदोरी रेलवे ब्रिज के पास की बताई जा रही है, जहां एक तेज रफ्तार कार mp 09 WB 9211 ने पैदल उतर रहे व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान विनीत विश्वकर्मा (45) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि वह घर से बाहर उतर ही रहे थे, तभी अचानक एक चारपहिया वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
घायल अवस्था में उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल गोटेगांव लाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर बिंसी मंडलोई ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर के अनुसार, जब विनीत को अस्पताल लाया गया तब उनकी हालत बेहद गंभीर थी। हादसे में उनका दायां पैर पूरी तरह अलग हो चुका था, जबकि बाएं पैर में भी कई जगह हड्डियां टूट गई थीं। डॉक्टरों ने एड्रेनालिन इंजेक्शन और सीपीआर सहित सभी जरूरी प्रयास किए, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
गोटेगांव थाना प्रभारी प्रदीप के मुताबिक, यह हादसा छिंदोरी रेलवे ब्रिज के पास हुआ, जहां एक स्विफ्ट डिजायर कार चालक ने विनीत विश्वकर्मा को टक्कर मार दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस वाहन चालक की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की जांच जारी है।






