मध्य प्रदेशराज्य

भीषण  सड़क हदसा : मोटरसाइकिलों की जोरदार भिड़ंत : दो युवकों की मौत, क्षेत्र में हड़कंप …देखें पूरा वीडियो

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के घंसौर थाना क्षेत्र में गुरुवार रात तेज रफ्तार के चलते दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जबलपुर रोड पर रूपदोंन चौराहे के समीप दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल होकर वाहनों में फंस गए। हादसे में घंसौर निवासी अभय सोनी पिता ओम शंकर सोनी (31) और ग्राम जोबा निवासी सुनील मरकाम (32) की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार अभय सोनी सराफा व्यापारी था और गुरुवार रात शिकारा की ओर से मोटरसाइकिल से घंसौर की तरफ आ रहा था। वहीं सुनील मरकाम खेती-किसानी का काम करता था और घंसौर की ओर से मोटरसाइकिल लेकर गोरखपुर की तरफ जा रहा था। रूपदोंन चौराहे के समीप दोनों मोटरसाइकिलें आमने-सामने आ गईं और तेज गति में हुई भिड़ंत के कारण दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस और 108 एंबुलेंस को दी। सूचना मिलते ही घंसौर पुलिस टीम और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। दोनों युवक मोटरसाइकिलों में फंसे हुए थे, जिन्हें बाहर निकालने के लिए राहत दल और स्थानीय लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। काफी प्रयास के बाद दोनों घायलों को बाहर निकाला गया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना के बाद मृतकों के परिजनों में मातम छा गया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। दोनों मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत किन परिस्थितियों में हुई, उनकी गति कितनी थी और दुर्घटना का वास्तविक कारण क्या रहा, इन बिंदुओं की जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई भी की जा रही है।

हादसे के बाद जबलपुर रोड पर कुछ समय के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिसके कारण आवागमन भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और यातायात व्यवस्था सामान्य कराई। घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार में वाहन चलाने के दौरान सावधानी बरतने और सड़क पर यातायात नियमों का पालन करने की जरूरत को सामने ला दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button