भीषण गर्मी का कहर: स्वास्थ्य केंद्र में बढ़ी मरीजों की संख्या, बेड पड़े कम

सतना /मझगवां यश भारत।क्षेत्र में लगातार पड़ रही भीषण गर्मी और उमस का असर अब लोगों की सेहत पर साफ दिखाई देने लगा है। तापमान में लगातार हो रही बढ़ोतरी के कारण बड़ी संख्या में लोग बीमार पड़ रहे हैं और उपचार के लिए मझगवां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंच रहे हैं। अस्पताल में मरीजों की संख्या अचानक बढ़ जाने से स्वास्थ्य व्यवस्थाएं भी दबाव में आ गई हैं।
जानकारी के अनुसार इन दिनों अस्पताल में सबसे अधिक मरीज बुखार, सिरदर्द, चक्कर आना, कमजोरी, डिहाइड्रेशन, उल्टी-दस्त तथा पेट संबंधी बीमारियों से पीड़ित होकर पहुंच रहे हैं। सुबह से लेकर देर शाम तक ओपीडी में मरीजों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं, वहीं भर्ती वार्ड भी पूरी तरह भर चुके हैं।
स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि अस्पताल में उपलब्ध बेड मरीजों की संख्या के मुकाबले कम पड़ रहे हैं। अस्पताल में भर्ती मरीजों को समुचित जगह नहीं मिल पा रही है। कई वार्डों में एक ही बेड पर दो-दो मरीजों को ग्लूकोज और दवाइयां चढ़ाई जा रही हैं, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी के चलते ग्रामीण क्षेत्रों में भी बड़ी संख्या में लोग बीमार हो रहे हैं। अस्पताल में भीड़ बढ़ने के कारण डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों पर भी कार्यभार बढ़ गया है। मरीजों के परिजन स्वास्थ्य केंद्र में अतिरिक्त बेड और संसाधनों की व्यवस्था किए जाने की मांग कर रहे हैं।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि अत्यधिक गर्मी के दौरान लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीना चाहिए, धूप में निकलने से बचना चाहिए तथा हल्का एवं पौष्टिक भोजन करना चाहिए। गर्मी से बचाव के लिए विशेष सावधानी बरतना आवश्यक है, खासकर बच्चों, बुजुर्गों और गंभीर बीमारियों से ग्रसित लोगों को।
वहीं क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में तापमान में कमी नहीं आई तो मरीजों की संख्या और बढ़ सकती है, जिससे अस्पताल की व्यवस्थाओं पर और अधिक दबाव पड़ने की आशंका है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग को समय रहते अतिरिक्त बेड, दवाइयों और चिकित्सकीय सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि मरीजों को बेहतर उपचार मिल सके।







