
भिंड के मेला ग्राउंड के पास रहने वाले जगत सिंह बघेल की हत्या के आरोप में उसकी पत्नी ममता बघेल को पुलिस ने अरेस्ट किया है। ममता ने बेटे हेमंत बघेल से पति की हत्या कराई थी। बेटे को कहा था- पिता के सिर पर दो गोली मारना, बचने की कोई गुंजाइश नहीं रहे…। बेटे ने ऐसा ही किया। बेटे के अलावा उसके दोस्त को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक ममता के कई जान-पहचान वाले हैं। लोग मिलने-जुलने आते थे। यह बात पति को पसंद नहीं थी। पति रोकता-टोकता था, इसीलिए ममता 6 महीने से उसे ठिकाने लगाने की साजिश रच रही थी।
घटना 26-27 मार्च की दरमियानी रात की है। जगत सिंह घर के बाहर सोया हुआ था, तभी उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। ममता इतनी शातिर है कि उसने एक तीर से दो निशाने साधे। हत्या की एक वजह तो पति की रोक-टोक है, दूसरा यह कि उसकी बेटी का ससुरालवालों से दहेज का केस चल रहा है। ऐसे में उसने हत्या का आरोप दामाद और उसके जीजा पर मड़ दिया था। वो चाह रही थी कि केस में राजीनामे के नाम पर दामाद से मोटी रकम वसूल लेगी।
भिंड SP शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया, जगत सिंह की हत्या के बाद ममता ने बयान में कहा था कि दामाद राजीव ने धमकी दी थी। उसने कहा था, दहेज केस में राजीनामा कर लो। गवाही दी तो जान से मार देंगे। उसने पूरा सीन क्रिएट किया था। खुद को प्रत्यक्षदर्शी बताकर कहा था कि रात में गोली की आवाज सुनकर वह बाहर आई तो राजीव और उसका जीजा और एक अन्य व्यक्ति हत्या करके भाग रहे थे। ममता ने आरोपियों के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज कराने के लिए 12 घंटे तक शव का पीएम रोके रखा था। समाज के लोगों के साथ घर के बाहर धरना तक दिया था।