सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप में बुंदेलखंड की बेटी क्रांति गौड़ की भागीदारी के साथ इस ऐतिहासिक जीत को हासिल करने पर छतरपुर जिले के घुवारा समेत समूचे बुंदेलखंड में जश्न का माहौल फैल गया।
महिला वर्ल्ड कप में देश का नेतृत्व करने गई भारत की बेटियों में बुंदेलखंड की बेटी क्रांति गौड़ भी शामिल रही है। क्रांति गौड़ सागर संभाग के छतरपुर जिला अंतर्गत घुवारा की रहने वाली है।
वर्ल्ड कप प्रतियोगिता में जाने से पहले क्रांति गौड़ ने संभागीय मुख्यालय सागर पहुंचकर जिला कलेक्टर संदीप जी आर समेत विभिन्न जन प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनसे आशीर्वाद व शुभकामनाएं ली थीं।
वर्ल्डकप के फ़ाइनल मुकाबले के अंतिम क्षणों में भारतीय टीम की जीत का ऐलान होते ही न केवल घुवारा नगर वरन् जिला मुख्यालय छतरपुर व संभागीय मुख्यालय सागर समेत समूचे बुंदेलखंड में ढोल नगाड़े और आतिशबाजी की गूंज के साथ भारी जश्न का माहौल फैल गया और हर किसी के चेहरे पर क्रांति गौड़ की मौजूदगी में भारत की जीत का गर्व और उल्लास देखने को मिला।
Back to top button