बिलैया तलैया मंडी में युवक पर चाकुओं से हमला करने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार

कटनी, यशभारत। शहर के सबसे व्यस्ततम और भीड़भाड़ वाले इलाके बिलैया तलैया सब्जी मंडी में शुक्रवार को पैसों के लेन-देन को लेकर युवक पर चाकुओं से जानलेवा हमला करने वाले 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गिरजा घाट निवासी प्रशांत सोनी (38 वर्ष) का अभिलाष उर्फ अब्बू चौरसिया से पैसों के लेन-देन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। शुक्रवार को प्रशांत अपना पैसा वापस लेने के लिए बिलैया सब्जी मंडी पहुंचा था। वहां पहले से ही लक्ष्मी प्रसाद उर्फ बुच्चड़ चौरसिया, अभिलाष उर्फ अब्बू, राज उर्फ प्यारे, शुभम उर्फ चुन्नू और एक 16 वर्षीय नाबालिग मौजूद थे।
आरोपियों ने प्रशांत को देखते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ा कि बुच्चड़ चौरसिया ने अपने साथियों को उकसाया, जिसके बाद आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से प्रशांत पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चाकुओं के वार प्रशांत की पीठ, कमर और बाएं हाथ पर लगे, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
एसपी के निर्देश पर बनी टीम
अस्पताल से मिली सूचना के बाद कोतवाली पुलिस तुरंत हरकत में आई। घायल प्रशांत सोनी के बयानों के आधार पर थाना कोतवाली में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी के निर्देश दिए। एएसपी डॉ. संतोष डेहरिया और सीएसपी श्रीमती नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय ने विशेष टीम गठित कर शहर के विभिन्न हिस्सों में घेराबंदी की और दबिश देकर सभी 5 आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। पुलिस गिरफ्त में आए आरोपियों में से कई का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। पकड़े गए आरोपियों में लक्ष्मी प्रसाद उर्फ बुच्चड़ चौरसिया (59 वर्ष) – निवासी बिलैया सब्जी मंडी, कटनी, राज उर्फ प्यारे चौरसिया (21 वर्ष) निवासी लाल बिल्डिंग, गांधीगंज, कटनी, अभिलाष उर्फ अब्बू चौरसिया (27 वर्ष) – निवासी बिलैया सब्जी मंडी, कटनी, शुभम चौरसिया उर्फ चुन्नू (26 वर्ष) निवासी बिलैया सब्जी मंडी कटनी सहित एक किशोर भी शामिल है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया है। थाना प्रभारी राखी पाण्डेय ने बताया कि घायल युवक का उपचार अस्पताल में जारी है और स्थिति नियंत्रण में है। व्यस्त बाजार में पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से व्यापारियों और आम जनता ने राहत की सांस ली है।








