बाॅलीवुड फिल्म”रजनी की बारात” से डेब्यू करने जा रहे कनिष्क, 29 मई को होने जा रही रिलीज

शहडोल। एक पुरानी कहावत है कि, “प्रतिभा किसी की मोहताज नहीं होती”। ऐसे एक होनहार और प्रतिभाशाली युवक ने ने केवल अपने कुनबे बल्कि संपूर्ण शहडोल वासियों को गौरवान्वित किया है। एक शहडोल जैसे छोटे शहर से निकला यह युवा अब अपने मेहनत और काबिलियत के दम पर अब बाॅलीवुड का उभरता सितारा बन चुका है। जिसकी पहली डेब्यू फिल्म आगामी 29 मई को देश भर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है और वह इस फिल्म के मुख्य किरदार की भूमिका निभा रहा है।
दरअसल, हम बात कर रहे हैं शहडोल निवासी कनिष्क दुबे की, जिनकी पहली फिल्म “रजनी की बारात” जल्द ही रिलीज होने जा रही है। बता दें कि, कनिष्क शहर के प्रतिष्ठित व्यवसायी एवं श्रीराम हॉस्पिटल व श्रीराम बिल्डर्स के संचालक विजय कुमार दुबे के सुपुत्र हैं। वह की वर्षों से माया नगरी मुंबई में रहकर अपने सपने को साकार करने स्ट्रगल कर रहे थे। आखिरकार, कनिष्क का कठिन परिश्रम, लगन एवं आत्मविश्वास रंग लाया और बाॅलीवुड में जगह बनाई।
कनिष्क की इस उपलब्धि से पूरे शहडोल संभाग सहित मध्यप्रदेश में खुशी और गर्व का माहौल निर्मित है। छोटे शहर से निकलकर मायानगरी मुंबई तक पहुंचना और अभिनय की दुनिया में अपनी जगह बनाना आसान नहीं माना जाता। ऐसे में बेटे के वर्षों की तपस्या बाद उसे मिले इस शुरुआती सफल मुकाम को लेकर पिता और मां काफी खुश हैं। फिल्म “रजनी की बारात” में उनके साथ वह चर्चित अभिनेत्री भी नजर आएंगी, जिन्होंने हाल ही में द केरला स्टोरी-2 में अपने अभिनय से दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया था। इस फिल्म को लेकर दर्शकों में काफी ज्यादा उत्सुकता बनी हुई है।
कनिष्क की इस सफलता को लेकर शहर के युवाओं में खास उत्साह है। स्थानीय लोगों का कहना है कि, उनकी उपलब्धि यह साबित करती है कि, प्रतिभा किसी बड़े शहर की मोहताज नहीं होती। यदि मेहनत और जुनून हो तो छोटे शहरों से भी बड़े सपने पूरे किए जा सकते हैं। बॉलीवुड में कदम रखने की खबर जैसे ही सामने आने के बाद से शहरवासी, मित्र और शुभचिंतकों ने उन्हें और उनके पिता को शुभकामनाएं दे रहे हैं। स्थानीय युवा इतने उत्साहित हैं कि, लोगों से 29 मई को सिनेमाघरों में जाकर फिल्म देखने और अपने शहर के इस उभरते कलाकार का उत्साह बढ़ाने की अपील कर रहे हैं।







