बस की ठोकर से युवक की मौत, बहोरीबंद और रीठी में हादसे, दो ने तोड़ा दम

कटनी, यशभारत। बहोरीबंद थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम मुरवारी सिद्ध महाराज के पास विगत दिवस एक भीषण सडक़ हादसा हो गया। तेज रफ्तार और लापरवाही से सडक़ दौड़ रही बस ने जमुनिया निवासी नरेश पटैल पिता भगवत प्रसाद पटैल को जोरदार ठोकर मार दी। हादसे में आई गंभीर चोटों के कारण उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना संजय कुमार लोधी पिता रामकिशोर लोधी निवासी जमुनिया द्वारा दिए जाने पर बहोरीबंद पुलिस ने आरोपी बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। साथ ही पुलिस ने सीएचसी बहोरीबंद से मिली सूचना पर मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इसी तरह कटनी-दमोह मार्ग पर रीठी थाना क्षेत्र के अंतर्गत रूडमूड़ के पास भीषण सडक़ हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ, जब दमोह से कटनी की ओर जा रहे ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार ठोकर मार दी। ठोकर इतनी तेज थी कि बाइक सवार दोनों युवक हादसे की चपेट में आ गए। घटना में ग्राम रूड़मूड़ निवासी भूपत सिंह लोधी 30 वर्ष की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही सलैया चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए रीठी शासकीय अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
करंट लगने से किसान की मौत
बड़वारा थाना क्षेत्र के ग्राम अतरिया में बिजली का करंट लगने से एक व्यक्ति की जान चली गई। मृतक की पहचान अतरिया निवासी राजीव लोचन मिश्रा पिता रामकरण मिश्रा 48 वर्ष के रूप में हुई है। यह हादसा 30 सितंबर की दोपहर लगभग 2 बजे मृतक के घर के पीछे स्थित खेत में मोटर पंप के पास हुआ। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






