पे्रमिका ने साथियों के साथ मिलकर की हत्या, पुलिस ने प्रेमिका सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल, विजयराघवगढ़ पुलिस को मिली सफलता

कटनी, यशभारत। विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम भैंसवाही में विवाद के कारण प्रेमिका ने अपने साथियों के साथ मिलकर प्रेमी की हत्या कर दी और हत्या का राज छिपाने के इरादे से उसे फंदे पर लटका दिया। पुलिस ने जब मामले में तहकीकात शुरू की तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट से चौंकाने वाले खुलासे हुए, इसके बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर पूछताछ शुरू की तो अंधी हत्या का खुलासा हुआ। विजयराघवगढ़ पुलिस ने महज 72 घंटों के भीतर खुलासा करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। विजयराघवगढ़ थाना प्रभारी रीतेश शर्मा ने बताया कि विगत 27 अप्रैल को ग्राम भैंसवाही निवासी हरीश साहू ने विजयराघवगढ़ थाने में आकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके पिता संतराम साहू ने खेत में आम के पेड़ पर बिजली के तार से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने मर्ग दर्ज करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस को जब पीएम रिपोर्ट मिली तो उसमें चौंकाने वाला खुलासा हुआ। जांच के दौरान मृतक की नाक में गंभीर चोट पाई गई और गले में बिजली का तार कसकर खींचने से श्वासनली ट्रेकिया टूटने से मौत होना सामने आया। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
साक्ष्य के आधार पर पुलिस ने शुरू की जांच
विवेचना के दौरान पुलिस को परिस्थितिजन्य साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर अहम सुराग मिले। पुलिस ने ग्राम भैंसवाही निवासी पिंकी कोल, उसके भाई रवि कोल तथा उनके साथी इत्तू भतरा और मोनू भतरा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि पिंकी कोल और मृतक के बीच अवैध संबंध थे। इसी विवाद के चलते हत्या की साजिश रची गई। पिंकी कोल ने ईंट से मृतक के चेहरे और नाक पर वार किया, जबकि अन्य आरोपियों ने बिजली के तार से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जिला जेल भेज दिया गया।
एसपी के निर्देशन में मिली सफलता
मामले का खुलासा एसपी अभिनय विश्चकर्मा के निर्देशन में थाना प्रभारी रीतेश कुमार शर्मा, उप निरीक्षक अश्वनी यादव, सहायक उप निरीक्षक जगदीश पांडे, महिला प्रधान आरक्षक चंदा ठाकुर, आरक्षक अंजनी झा, आरक्षक पप्पू प्रजापति, आरक्षक मज्जू कोल सहित पुलिस टीम ने किया।







