पति ने पत्नी का कर दिया कन्यादान : व्हाट्सएप चैट से ऐसे खुला राज….

ग्वालियर । झांसी रोड थाना क्षेत्र में पति ने अपनी पत्नी का कन्यादान कर दिया । पूरा मामला शादी के नाम पर ठगी का है। एक निजी अस्पताल में काम करने वाले युवक को गरीब लड़की बताकर जिस युवती से शादी कराई गई, वह पहले से शादीशुदा निकली।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि जिस व्यक्ति ने भाई बनकर कन्यादान कराया, वही उसका असली पति निकला। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने लुटेरी दुल्हन समेत 7 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र का मामला दर्ज किया है।
बताया जा रहा है कि नाका चंद्रवदनी निवासी 35 वर्षीय रतन कुमार जबलपुर के एक निजी अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में टीम लीडर हैं। परिवार में पांच भाई हैं और किसी की भी शादी नहीं हुई थी। परिवार अच्छे रिश्ते की तलाश में था। इसी मजबूरी का फायदा पड़ोसी सोनू ने उठाया। और स्वयं भाई बनकर कन्यादान कर दिया लेकिन जब, पीड़ित ने दुल्हन की व्हाट्सएप चैट पढ़ी तो उसके होश उड़ गए। इसके बाद उसने दुल्हन को पकड़ कर थाने ले आया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम रवाना हो चुकी हैं।







