नीलम पार्क के फुटपाथ पर कब्जा, सड़क पर उतरने को मजबूर राहगीर दुकानों-ठेलों के कारण बिगड़ी यातायात व्यवस्था, नगर निगम से कार्रवाई की मांग
Neelam Park footpath encroached upon; pedestrians forced onto the road Traffic disrupted by shops and pushcarts; demand for action by the Municipal Corporation

नीलम पार्क के फुटपाथ पर कब्जा, सड़क पर उतरने को मजबूर राहगीर
दुकानों-ठेलों के कारण बिगड़ी यातायात व्यवस्था, नगर निगम से कार्रवाई की मांग
भोपाल यश भारत। राजधानी के जहांगीराबाद क्षेत्र स्थित नीलम पार्क के आसपास फुटपाथ पर अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। पैदल राहगीरों के लिए बनाए गए फुटपाथ पर दुकानों ठेलों और अन्य गतिविधियों के चलते लोगों को सड़क पर चलना पड़ रहा है। इससे पैदल यात्रियों और वाहन चालकों के बीच टकराव की स्थिति बन रही है।
नीलम पार्क क्षेत्र में दिनभर लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे में फुटपाथ पर अतिक्रमण के कारण सड़क पर पैदल चलने वालों की संख्या बढ़ जाती है। इससे वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित होती है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। स्थानीय रहवासियों के अनुसार फुटपाथ का उद्देश्य पैदल यात्रियों को सुरक्षित रास्ता उपलब्ध कराना है लेकिन कब्जे के चलते इसका उपयोग नहीं हो पा रहा है। कई बार बुजुर्गों महिलाओं और बच्चों को भी वाहनों के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। रहवासियों ने नगर निगम और यातायात पुलिस से नीलम पार्क से लगे फुटपाथ का निरीक्षण कर अतिक्रमण हटाने की मांग की है। साथ ही दोबारा कब्जा न हो इसके लिए नियमित निगरानी की व्यवस्था करने की मांग भी की गई है। राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों में फुटपाथ पर अतिक्रमण के कारण पैदल यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में नीलम पार्क क्षेत्र में भी अब जिम्मेदार विभागों की कार्रवाई का इंतजार है।







