निजी अस्पताल में पहली बार एक साथ 3 बच्चों का जन्म : मां व नवजात स्वस्थ

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के निजी स्वास्थ्य संस्थान सिद्ध हॉस्पिटल में एक अनोखा और खुशी भरा मामला सामने आया है। यहां पहली बार एक महिला ने एक साथ तीन बच्चों को जन्म दिया है। खास बात यह रही कि जटिल गर्भावस्था के बावजूद डॉक्टरों की टीम ने सफल ऑपरेशन कर मां और तीनों नवजातों को सुरक्षित रखा। तीनों बच्चों में एक लड़की और दो लड़के शामिल हैं तथा सभी स्वस्थ बताए जा रहे हैं।
हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. वी.एस. सिद्ध ने जानकारी देते हुए बताया कि यह केस काफी चुनौतीपूर्ण था। मरीज पार्वती बाई (36 वर्ष), निवासी परासापानी (केवलारी) 28 सप्ताह की गर्भावस्था में अस्पताल पहुंची थीं। जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि महिला के गर्भ में तीन बच्चे हैं, जिससे जोखिम और बढ़ गया था। डॉक्टरों की टीम ने स्थिति को देखते हुए मरीज को लगातार निगरानी में रखा और विशेष देखभाल के साथ गर्भावस्था को 35 सप्ताह तक सुरक्षित रूप से आगे बढ़ाया।
स्त्रीरोग विशेषज्ञ डॉ. एस. नागले के नेतृत्व में डॉ. रश्मि साहू, डॉ. विनोद धुर्वे और अन्य मेडिकल स्टाफ की टीम ने मिलकर ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। इस दौरान नर्सिंग स्टाफ पूजा बनौठिया, आरती ठाकुर, रुपाली जैन और सोनिया ठाकुर का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।
डॉक्टरों के अनुसार, एक साथ तीन बच्चों का जन्म होना और वह भी सुरक्षित तरीके से, चिकित्सा की दृष्टि से काफी जटिल प्रक्रिया होती है। लेकिन टीमवर्क, अनुभव और सतत निगरानी के कारण यह संभव हो पाया। शिशु रोग विशेषज्ञ डॉक्टर मुकेश अहिरवार और डॉक्टर विनोद दहायत ने बच्चों को स्वस्थ रखने में सहयोग किया। वर्तमान में मां और तीनों नवजात पूरी तरह स्वस्थ हैं और अस्पताल में उनकी देखरेख जारी है।
इस सफल ऑपरेशन के बाद अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सा टीम में खुशी का माहौल है। यह उपलब्धि न केवल अस्पताल बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय मानी जा रही है।
पूर्व मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. के.सी.मेश्राम ने बताया कि महिला की 2 वर्ष पहले एक बेटी सीजर से हुई थी,जिससे डंको कि तकलीफ की आशंका थी,लेकिन सफलता पूर्वक सीजर हो गया अब महिला और तीनो बच्चे स्वस्थ हैं।







