नाले में डूबने से दो बच्चों की मौत :नान्हीकन्हार में नहाते समय हुआ हादसा, क्षेत्र में हड़कंप
सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के अरी थाना क्षेत्र अंतर्गत घर से स्कूल जाने की जगह जंगल के करीब नाले में नहाने उतरे तीन मासूम बच्चों में से दो की डूबने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार 12 जुलाई की सुबह मेहराबोड़ी गांव निवासी तीनों छात्र आमागढ़ स्कूल जा रहे थे। छात्रों में कक्षा सातवीं में दर्ज अभय पुत्र सोनू नागदेवे (11) के अलावा कक्षा छटवीं में दर्ज छोटा भाई अक्षय नागदेवे (10) तथा पड़ोसी हिमांशु पुत्र रामराज गांडेकर (10) शामिल थे। तीनों साइकिल से आम दिनों की तरह घर से सुबह 10 बजे निकले थे, जो स्कूल जाने की जगह आमागढ़ के आगे कान्हीकन्हार नर्सरी नाला में नहाने पहुंच गए।
यहां तीनों कपड़े उतारकर नाले में नहाने उतर गए। इस दौरान अभय व हिमांशु नाले की गहरे पानी के कीचड़ वाले क्षेत्र पहुंच गए, जिसमें फंसने से दोनों डूब गए। किनारे में नहा रहे तीसरे छात्र अक्षय ने दोनों को डूबता देख कुछ दूर खेत में कृषि कार्य कर रहे व्यक्ति के पास जाकर भाई के डूबने की जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से किसान ने मौके पर पहुंचकर नाले में डूबे अभय व हिमांशु को पानी से बाहर निकाला लेकिन तब तक दोनों मासूम बच्चों ने दमतोड़ दिया। बाद में घटना की सूचना अरी पुलिस को दी गई। अरी थाना प्रभारी आशीष खोबरागड़े ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचकर मृतकों के शव का पंचनामा बनवाकर पोस्ट मार्टम कराया। अरी थाना प्रभारी आशीष खोबरागड़े ने बताया कि आमागढ़ स्कूल जा रहे मासूम बच्चों की साइकिल नाले की किनारे खड़ी मिली है, जिसमें बच्चों के स्कूल बैग रखे थे। पुलिस ने मृतकों के शव स्वजनों को सौंप दिए हैं। इस घटना से परिवार व मेहराबोड़ी गांव में शोक का वातावरण है। मर्ग कायम कर प्रकरण को पुलिस ने विस्तृत जांच में लिया है।






